अमर उजाला चौपाल के तहत सिविल लाइंस रोडवेज के पास लोकसभा चुनाव को लेकर आम लोगों से बातचीत की गई। इस दौरान सभी वर्गों के लोगों ने अपने विचार रखे और आने वाले चुनाव में बढ़चढ़कर मतदान करने के साथ प्रत्याशियों के बारे में खुलकर चर्चा की।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अमर उजाला की ओर से आयोजित चुनावी चौपाल में लोगों ने प्रत्याशियों और सरकार को लेकर बेबाकी से अपने विचार रखे। अधिकांश लोगों ने महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए वहीं कानून व्यवस्था और मुफ्त राशन को लेकर सरकार की योजना की तारीफ की।
विज्ञापन
बलराम ने कहा कि यह चुनाव प्रधानमंत्री का चुनाव है कोई छोटा चुनाव नहीं है। इसलिए प्रत्याशी की योग्यता का कोई सवाल ही नहीं उठता है। वोट तो उसी को दिया जाएगा जो विकास कार्य करेगा और जनता के हितों की रक्षा करेगा। वर्तमान सरकार अच्छा कार्य कर रही है। मुफ्त में राशन मिलने से लोगों को भटकना नहीं पड़ रहा है।
अमित सोनकर ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति सशक्त हुई है। कोई भी अपराधी अब खुलेआम गुंडई करने से बच रहा है। लोगों के भीतर कानून का भय व्याप्त हो गया है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को सख्त कदम उठाना चाहिए। भोलानाथ मौर्य ने कहा कि स्कूलों में बच्चों की फीस महंगी हो गई है। हर साल कॉपी और किताबों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं।
लल्लन सोनकर ने कहा कि इस बार हम सबको बढ़ चढ़कर मतदान करना चाहिए। जब अधिक से अधिक मतदान होगा तो सही प्रत्याशी का चयन हो सकेगा और इससे क्षेत्र की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।