जयपुर में चल रही पांचवें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की पोल वॉल्ट स्पर्धा में बुधवार को मऊआइमा के अमन सिंह यादव ने स्वर्ण और इस्माइलपुर गांव के रघुतारा जगदीशपुर दयाल मजरा निवासी नीरज पटेल ने रजत पदक जीता है।
शहवाजपुर सकरामऊ निवासी अमन ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 4.50 मीटर ऊंची छलांग लगाकर स्वर्ण हासिल किया। अमन ने इसका श्रेय प्रशिक्षक घनश्याम यादव को दिया है।
इससे पहले उन्होंने ओडिशा में 40वें राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत, प्रयागराज स्थित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 23वीं नेशनल जूनियर फेडरेशन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पोल वॉल्ट में 4.60 मीटर ऊंची छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता था। बेटे के पदक जीतने पर पिता पृथ्वीपाल और मां उर्मिला देवी ने खुश जाहिर की है।
वहीं, 4.50 मीटर ऊंची छलांग लगाकर नीरज पटेल (22) ने पोल वॉल्ट में रजत पदक जीता है। स्व. दयाशंकर व फूलादेवी के पुत्र नीरज ने बताया कि 15 दिन पहले पिता का निधन हुआ था। यह पदक पिता को समर्पित है।
नीरज ने बताया कि जयपुर जाते समय ट्रेन में पोल वाॅल्ट रखने के दौरान नाक में चोट भी लग गई थी। इससे पहले नीरज ने वर्ष 2021 में गुवाहाटी में आयोजित जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य जीता था।
दोनों खिलाड़ियों की कामयाबी पर फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, विधायक गीता शास्त्री, पूर्व सांसद केसरी देवी पटेल, पूर्व सांसद धर्मराज सिंह पटेल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर मौर्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इम्तियाज समी, यूथ ओलंपियन इंद्रजीत पटेल, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष तीरथ यादव, जिला पंचायत सदस्य कमरुल हसन ने बधाई दी है।
कोच घनश्याम यादव के साथ पदक विजेता अमन यादव- फोटो : samvad