मीरगंज। जानबूझकर बिजली गुल करने और इसके बाद फॉल्ट सही करने के नाम पर वसूली का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने शनिवार को उपकेंद्र का घेराव किया। वसूली का आरोप लगाया। इसके बाद शिकायत एसडीएम से भी की गई।
दोंद आलमपुर गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य बिजली लाइन म्यूड़ी बुजुर्ग गांव से होकर गुजरती है। इसी गांव में रहने वाले दूसरे समुदाय के तीन लाइनमैन बिजली लाइन काट देते हैं। इसके बाद लाइन जोड़ने के नाम पर पूरे गांव से रुपये इकट्ठे कर देने की बात कहते हैं।
विरोध करने पर ग्रामीणों को सांप्रदायिक बातें कहकर डराया-धमकाया जाता है। ग्रामीणों ने तीनों लाइनमैन को उनके क्षेत्र से हटाने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी ने भी ग्रामीणों के आरोपों का समर्थन किया।
उपजिलाधिकारी निधि शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। इस मामले में एसडीओ मीरगंज सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित पर कार्रवाई होगी। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान इंद्रपाल, विकास, हरप्रसाद, शिवप्रताप, आकाश, सूरजपाल आदि शामिल रहे।