मीरगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम सैंजना में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव निवासी अंकित ने थाना मीरगंज में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि बृहस्पतिवार को गांव के ही एक व्यक्ति के घर पर धर्म परिवर्तन सभा आयोजित की गई थी। सभा में शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भुड़ासी निवासी प्रेमपाल भी आया था। वह खुद को ईसाई धर्म का प्रचारक बताता है।
आरोप है कि प्रेमपाल ने सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं और धर्म के संबंध में आपत्तिजनक बातें कहीं। इससे ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। आरोपी ने लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए नौकरी, आर्थिक सहायता और विवाह संबंधी सुविधाओं का प्रलोभन दिया गया।
यह भी दावा किया कि प्रार्थना के माध्यम से भूत-प्रेत, जादू-टोना तथा गंभीर बीमारियों का उपचार भी संभव है। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने प्रचार सामग्री लेने से इन्कार किया तो उनके धर्म के प्रति अभद्र टिप्पणियां की गईं।
थाने पहुंचे कार्यकर्ता
इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद के जिला सुरक्षा प्रमुख सुमित कुमार, सुधीर शर्मा, वेदप्रकाश गंगवार, अंकित गंगवार आदि पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
वर्जन :
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कराई जा रही है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - अजय कुमार, सीओ मीरगंज