prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक की कक्षाएं अभी शुरू नहीं की जा सकीं हैं, जबकि जनवरी का महीना बीत गया है । कुछ पाठ्यक्रमों में तो अभी प्रवेश की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में स्नातक प्रथम वर्ष की आगामी परीक्षाओं का आयोजन भी प्रभावित होगा। परीक्षाएं समय से आयोजित कराई जा सकें, इसके लिए छात्रों ने पाठ्यक्रम में कटौती की मांग की है।
कोविड के कारण इलाहाबाद विश्वविद्यालय और संगठक महाविद्यालय 10 जनवरी से बंद चल रहे हैं। महाविद्यालयों में तो ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है, लेकिन इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश ऑफलाइन माध्यम से लिए जा रहे थे और विश्वविद्यालय बंद होने के कारण स्नातक में ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया भी रोक दी गई थी।
अब फिर से स्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई है। विश्वविद्यालय और संघटक महाविद्यालयों में अभी तक स्नातक की कक्षाएं शुरू नहीं की जा सकी हैं, जबकि मार्च-अप्रैल में प्रथम वर्ष की परीक्षाएं कराई जाती हैं।
छात्रों ने मांग की है कि कोविड के कारण पूर्व में जिस तरह से पाठ्यक्रमों में कटौती करके कोर्स समय से पूरा कराया गया, उसी प्रकार इस वर्ष भी पाठ्यक्रमों में कटौती की जाए। छात्रों ने यह मांग भी की है कि प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए और कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाए।