धूमनगंज के कालिंदीपुरम में सीएचसी अधीक्षक डॉ राम गोपाल वर्मा को नशे में धुत बदमाशों ने पीट दिया। टक्कर मारकर उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन अब तक बदमाशों का सुराग नहीं मिल सका है। डॉक्टर रामगोपाल मऊआइमा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। वह मौजूदा समय में कालिंदीपुरम स्थित वसुधा विहार अपार्टमेंट में परिवार समेत रहते हैं।
रोज की तरह रात 9:45 बजे के करीब वह घर लौट रहे थे। तभी अपार्टमेंट के पास ही सफेद रंग की वैगनआर कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उन्होंने विरोध किया तो उसमें सवार चार युवक बाहर निकल आए जो नशे में धुत थे। नीचे उतरते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। डॉक्टर ने विरोध किया तो उन्हें पीटने लगे। जिसमें वह चोटिल भी हुए। शोरगुल मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो हमलावर भागने लगे।
इस दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट तोड़कर डिक्की में डाल ली। इसके बाद भुक्तभोगी डॉक्टर ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। धूमनगंज इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।