अटाला बवाल के मामले में मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे जावेद मोहम्मद के घर से अवैध हथियार मिलने के मामले में भी केस दर्ज हुआ है। करेली पुलिस ने इस मामले में फिलहाल अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मकान के ध्वस्तीकरण के बाद पुलिस ने दावा किया था कि जावेद के घर से दो तमंचे, कारतूस व चाकू बरामद हुआ है। इसी मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जावेद को 10 जून को बवाल के बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था और अगले ही दिन उसे जेल भेज दिया गया था। इसके बाद 12 जून को अवैध निर्माण के आरोप में पीडीए ने करेली के जेके आशियाना स्थित उसके दो मंजिला घर को ढहा दिया। इस कार्रवाई के बाद शाम को एसएसपी ने बताया था कि जावेद के घर से 315 व 12 बोर के दो तमंचे, कई कारतूस व एक चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा झंडे, पोस्टर व धार्मिक साहित्य भी बरामद किया गया।
पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में भी केस दर्ज कर लिया। करेली पुलिस ने बताया कि जावेद जेल में है और असलहा बरामद होने के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था, ऐसे में अज्ञात पर केस लिखा गया है। विवेचना के दौरान जो भी बातें सामने आएंगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बतौर साक्ष्य शामिल किए गए दस्तावेज
उधर जावेद के घर से हथियार के अलावा बरामद किए गए अन्य सामान को करेली थाने में उस पर दर्ज मुकदमे में बतौर साक्ष्य शामिल किया गया है। इसमें झंडे, पोस्टर और कुछ दस्तावेज शामिल हैं। दरअसल पुलिस अफसरों ने बताया था कि जावेद के घर से कुछ कागजात मिले हैं, जिनमें न्यायालय पर टिप्पणी की गई है। पुलिस का कहना है कि यह भी जानकारी मिली है कि जावेद ने पूर्व में फेसबुक पर भी न्यायालय के एक फैसले को लेकर टिप्पणी की थी।
दूसरे मुकदमे में भी किया गया नामजद
सूत्रों का कहना है कि करेली पुलिस ने जावेद का नाम थाने में दर्ज दूसरे मुकदमे में भी शामिल कर लिया है। दरअसल एक मुकदमे में वह नामजद है लेकिन दूसरे मुकदमे में उसका नाम नहीं था। इसमें कई अज्ञात आरोपी भी बनाए गए थे। सूत्रों का कहना है कि विवेचना के दौरान ही उसका नाम बवाल की साजिश रचने के मामले में प्रकाश में आया। ऐसे में आपराधिक साजिश रचने के आरोप में उसका नाम दूसरे मुकदमे में भी शामिल कर लिया गया है।
खुल्दाबाद पुलिस ने भी बनवाया रिमांड
उधर खुल्दाबाद थाने में दर्ज मुकदमे में भी जावेद मोहम्मद का रिमांड बनवाया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में उसका बयान भी दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि करेली थाने में दर्ज दो मुकदमों के साथ ही खुल्दाबाद थाने में दर्ज केस में भी वह नामजद आरोपी है। बवाल वाले दिन गिरफ्तार करते हुए करेली पुलिस ने उसे जेल भेजा था।