केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को रिपोर्ट भेजेगा इविवि
छात्र की मौत को लेकर इविवि में हुए बवाल की पूरी रिपोर्ट केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को भी भेजी जाएगी। इसके लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही उन शिक्षकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिनके साथ अभद्रता की गई थी। संस्कृत विभाग, हिंदी विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग में हुई तोड़फोड़ के कई वीडियो फुटेज सामने आए हैं। सूत्रों का कहना है कि साक्ष्य के रूप में वीडियो फुटेज के साथ रिपोर्ट शिक्षा मंत्रालय को भेजी जाएगी। रिपोर्ट में यह भी बताया जाएगा कि चिह्नित किए गए उपद्रवियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई।
अमिताभ ठाकुर ने कहा, इविवि के खिलाफ भी दर्ज हो एफआईआर
पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने सरकार से मांग की है कि छात्र की मौत के मामले में इविवि प्रशासन के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए। अमिताभ ठाकुर का कहना है कि एंबुलेंस तत्काल उपलब्ध न कराए जाने के कारण अचेत होकर गिरे छात्र की मौत हुई और इसके लिए सीधे तौर पर इविवि प्रशासन जिम्मेदार है। न्याय मांगने वाले छात्रों को पुलिसिया कार्रवाई के जरिये धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजाद अधिकार सेना पूरी तरह से छात्रों के साथ है।
जारी रहा छात्रों का आंदोलन
इविवि में हुए बवाल के बाद छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में शनिवार को भी छात्रों का आंदोलन जारी रहा। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के ऊपर अनुचित प्रतिबंध लगाया गया है। जिसके खिलाफ छात्र लगातार आंदोलनरत हैं। इविवि प्रशासन छात्र नेताओं को पुलिस के बल पर प्रताड़ित कर रहा है, जो शर्मनाक है। आंदोलन स्थल पर भानू, सुधीर, अनुराग, अभिषेक पंकज आदि मौजूद रहे।