बवाल के दौरान विवि परिसर में छात्र और सुरक्षा गार्ड दो बार आमने-सामने आए और इसके बाद दोनों ओर से पथराव किया गया। इस दौरान पुलिस अफसरों ने छात्रों को खदेड़ा तो सुरक्षागार्डों को भी खरीखोटी सुनाई।
बवाल के दौरान विवि परिसर में छात्र और सुरक्षा गार्ड दो बार आमने-सामने आए और इसके बाद दोनों ओर से पथराव किया गया। इस दौरान पुलिस अफसरों ने छात्रों को खदेड़ा तो सुरक्षागार्डों को भी खरीखोटी सुनाई। यूनियन गेट पर छात्रों की पिटाई के बाद खदेड़े जाने पर सभी सुरक्षा गार्ड रजिस्ट्रार कार्यालय के पास जमा हो गए। वहां विवि के कुछ कर्मचारी व अफसर भी मौजूद थे। उधर यूनियन हॉल से पथराव करते हुए छात्र आगे बढ़ते हुए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के पास पहुंचे तो उनका सुरक्षा गार्डों से आमना-सामना हो गया।
विज्ञापन
सुरक्षा गार्डों को देखते ही छात्रों ने और भी उग्र रूप धारण कर लिया और पथराव करते हुए आगे बढ़ने लगे। इस पर सुरक्षा गार्डों की ओर से भी पथराव किया गया। इस पर एडिशनल कमिश्नर आकाश कुलहरि व एसीपी कर्नलगंज राजेश यादव ने मोर्चा संभाला और बीच में आकर स्थिति काबू करने की कोशिश की। छात्रों को वापस खदेड़ा और सुरक्षा गार्डों को भी पीछे हटने को कहा। इस दौरान एडिशनल कमिश्नर ने सुरक्षागार्डों को खरीखोटी भी सुनाई। तब जाकर वह पीछे हटे।
इसके बाद सेंट्रल लाइब्रेरी गेट के सामने स्थित मुख्य मार्ग से जाम खत्म कर छात्रों के लौटने के दौरान दूसरी बार उनका गार्डों से सामना हुआ। इस दौरान भी पहले छात्रों और फिर गार्डों की ओर से ईंट-पत्थर चलाए गए। दरअसल सुरक्षा गार्ड सामने से आ रहे थे और उन्हें देखते ही छात्र भड़क उठे। बाद में उन्हें छात्रों को समझाते हुए उन्हें सुरक्षित निकाला गया, तब मामला शांत हुआ।