ऑटा ने कुलपति को पत्र भेजकर की चयन समिति के गठन की मांग
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में तकरीबन एक वर्ष से कॅरियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत चयन समितियों की बैठक न हो पाने के कारण शिक्षकों की प्रोन्नति फंस गई है। इस मामले में ऑटा अध्यक्ष प्रो. रामसेवक दुबे और महामंत्री प्रो. शिवमोहन प्रसाद ने कुलपति को ज्ञापन देकर चयन समितियों की बैठक बुलाने की मांग की है।
कुलपति को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय के कई विभागों में सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसर के पदों पर चयन समितियां आहूत न होने के कारण अर्हता की तिथि से प्रोन्नतियां फंसी हैं, जिससे शिक्षकों को आर्थिक एवं शैक्षिक क्षति हो रही है। इसकी वजह से शिक्षकों की कार्य क्षमता भी प्रभावित हो रही है और अध्ययन-अध्यापन एवं शोध में बधाई उत्पन्न हो रही हैं। कुलपति से मांग की गई है कि वह कुल सचिव या निदेशक एफआरसी को निर्देश दें कि शिक्षक हित में जल्द ही सीएएस के तहत चयन समितियों की बैठक बुलवाई जाए।
ऑटा ने की शिक्षकों से एक दिन का वेतन देने की अपील
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सीबीसीएस में तैनात रहे प्रो. वीएस चंद्रशेखर पम्मी के निधन के डेढ़ साल बाद ऑटा ने उनके परिवार के सहयोग के लिए शिक्षकों से एक दिन का वेतन कटवाने की अपील की है। हालांकि यह प्रस्ताव सात जून 2018 को हुई ऑटा की बैठक में प्रो. एआर सिद्दीकी ने रखा था। अब ऑटा अध्यक्ष प्रो. रामसेवक दुबे और महामंत्री प्रो. शिवमोहन प्रसाद ने वित्त अधिकारी को पत्र लिखकर इस प्रस्ताव से अवगत कराया है। पत्र के जरिये बताया गया है कि प्रो. पम्मी के आकस्मिक निधन से उनकी सेवाएं पेंशन युक्त न होने के कारण उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है।