इलाहाबाद विश्वविद्यालय के तारांचद छात्रावास में सोमवार रात संदिग्ध हाल में छात्र मृत पड़ा मिला। उसका शव जमीन पर औंधे मुंह पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अफसरों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मूल रूप से देहरादून का रहने वाला विवेक चौहान इविवि में एमए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता केदार सिंह चौहान एलआईसी में कार्यरत हैं। 15 दिन पहले ही उसे हॉस्टल में कमरा आवंटित हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, साथी छात्रों का कहना है कि सोमवार शाम उसके घर से फोन आया। परिजनों ने बताया कि दो दिन से विवेक से बात नहीं हो पा रही है। इस पर वह उसके कमरे की तरफ गए तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। बहुत आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। सूचना पर पुलिस व विवि के अफसर भी पहुंच गए। दरवाजा तोड़कर पुलिस भीतर पहुंची तो विवेक जमीन पर औंधे मुंह मृत पड़ा मिला। उसकी मौत की खबर फैलते ही हॉस्टल में हड़कंप मच गया।
जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीओ बैरहना अमित आनंद ने बताया कि शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। इस बात की भी आशंका है कि मौत बीमारी से हुई हो। फिलहाल अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।