एक सवाल पर लगे 53 मिनट
अपनी समस्या लेकर परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचीं स्नातक तृतीय वर्ष संस्कृत की छात्रा रसिका त्रिपाठी ने बताया कि सर्वर इतना धीमा था कि एक सवाल का जवाब देने के बाद अगले सवाल तक पहुंचने में 53 मिनट का वक्त लगा। छात्रा पूजा यादव ने आठ सवालों के जवाब दिए और फिर सर्वर की खराबी के कारण अपने आप लॉग आउट हो गईं। छात्र गोलू और बृजमोहन ने जैसे-तैसे लॉग इन किया, लेकिन सुबह नौ बजे परीक्षा जैसे ही शुरू हुई, मोबाइल स्क्रीन पर पहला प्रश्न देखने के लिए 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ा, जबकि छात्रों को वस्तुनिष्ठ प्रकार के सवाल का जवाब देने के लिए दो मिनट का वक्त दिया गया था। कुल 75 सवाल थे और ढाई घंटे का वक्त था। छात्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मोबाइल पर प्रश्नपत्र दिखा और एक सवाल का सही विकल्प चुनने के बाद सेव एंड नेक्स को क्लिक करके दूसरे प्रश्न तक पहुंचने में आधे घंटे का समय बीत गया। ऐसे में दो घंटे का वक्त तो एक ही सवाल पर बीत गया।
एजेंसी के चयन पर भी सवाल
छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षा कराने वाली एजेंसी के चयन भी सवाल उठाए हैं। छात्र नेता अजय यादव सम्राट और एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य अमर सिंह ने परीक्षा नियंत्रक से पूछा कि जब पहले से तय था कि परीक्षा के कितने परीक्षार्थी शामिल होंगे तो एजेंसी ने उस हिसाब से तैयारी क्यों नहीं की? छात्रों को हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा? अगर बृहस्पतिवार को भी ऑनलाइन परीक्षा की यही हालत रही तो परीक्षा पूरी होने का इंतजार कब तक करना होगा? हालांकि उन्हें इन सवालों का जवाब नहीं मिला। वहीं, कुछ अन्य छात्रों ने एजेंसी का चयन निरस्त करने की मांग की। हालांकि, ऐसा हुआ तो इससे पूरी परीक्षा पर संकट आ जाएगा और परीक्षा नए सिरे से करानी होगी।
प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी प्रभावित
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचे स्नातक तृतीय वर्ष संस्कृत के छात्र विश्वजीत प्रताप सिंह, सुमित वर्ता, अनूप सिंह और अंकुर पटेल यह जानना चाहते थे कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण जो परीक्षाएं नहीं हो सकीं, वे दोबारा कब कराई जाएंगी। हालांकि, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इन छात्रों ने अन्य विश्वविद्यालय में पीजी प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर रख हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में बीएड प्रवेश परीक्षा भी है। छात्र परेशान हैं कि वार्षिक परीक्षा की समस्या से जूझें या प्रवेश परीक्षा की तैयारी करें।