फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली ने दिया झटका, इविवि की दो दिन की परीक्षाएं स्थगित

Wed, 07 Oct 2020 01:13 AM IST
इलाहाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों की ऑनलाइन परीक्षाएं भी बिजली विभाग की हड़ताल की चपेट में आ गईं। प्रयागराज समेत प्रदेश के तमाम हिस्सों में आपूर्ति ठप होने के कारण इविवि प्रशासन ने छह एवं सात अक्तूबर को प्रस्तावित स्नातक अंतिम वर्ष और परास्नातक एवं अन्य पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित कर दीं। छह एवं सात अक्तूबर को स्थगित की गईं स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं अब क्रमश: 22 एवं 23 अक्तूबर और परास्नातक एवं अन्य पाठ्यक्रमों की अंतिम सेमेस्टर की स्थगित परीक्षाएं क्रमश: 15 एवं 16 अक्तूबर को आयोजित की जाएंगी।

विज्ञापन


कोविड-19 के कारण इस बार स्नातक अंतिम वर्ष और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा सुबह नौ बजे से शुरू होनी थीं। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण छात्र-छात्राओं के मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो सके और बंद हो गए। लैपटॉप और डेस्कटॉप भी काम नहीं कर रहे थे। ज्यादातर साइबर कैफे भी बंद पड़े थे। छात्र-छात्राओं को पेपर ऑनलाइन डाउनलोड करना था और प्रश्रों के जवाब लिखकर उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना था। बिजली न होने के कारण ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से ठप हो गई।

परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले बड़ी संख्या में छात्र इविवि के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंच गए और अपनी समस्या बताई। इस बीच परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र सिंह का मोबाइल फोन की घंटी लगातार बजती रही। उधर, संघटक कॉलेजों में भी बड़ी संख्या में छात्र इकट्ठा होने लगे और परीक्षा टालने की मांग करने लगे। परीक्षा ऑनलाइन हो रही है और इसमें शामिल होने वाली बड़ी संख्या पूर्वांचल के छात्रों की है। गोरखपुर, बलिया, देवरिया, वाराणसी, आजमगढ़, प्रतापगढ़ समेत पूर्वांचल के तमाम जिलों से छात्रों के फोन आने लगे। हर जगह बिजली आपूर्ति ठप होने की शिकायत थी और इस वजह से छात्र-छात्राएं ऑनलाइन परीक्षा में शामिल नहीं हो पा रहे थे।
विज्ञापन


मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा नियंत्रक ने कुलपति प्रो. आरआर तिवारी को पूरी स्थिति से अवगत कराया और कुलपति से अनुमति लेने के बाद सुबह नौ बजे उन्होंने परीक्षा स्थगित करने की घोषणा कर दी। इसकी सूचना तुरंत सभी डीन, विभागाध्यक्षों, संघटक कॉलेजों के प्राचार्यों और कॉलेजों के परीक्षा प्रभारियों को भी भेज दी गई। मंगलवार को स्नातक अंतिम वर्ष अर्थशास्त्र के एक प्रश्रपत्र और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर के विभिन्न विषयों के 48 प्रश्रपत्रों की परीक्षाएं होनी थीं। परीक्षा नियंत्रक ने इन सभी प्रश्रपत्रों की परीक्षाएं स्थगित कर दीं। साथ ही एहतियातन देर शाम सात अक्तूबर को प्रस्तावित ऑनलाइन परीक्षाएं भी स्थगित करने का निर्णय ले लिया गया।

ऑनलाइन कक्षाओं पर भी पड़ा असर
इविवि एवं संघटक कॉलजों में प्रथम वर्ष एवं प्रथम सेमेस्टर को छोड़कर बाकी सभी पाठ्यक्रमों की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन भी प्रभावित हुआ। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो सके, लंबे समय तक बिजली न होने से इनवर्टर ने भी काम करना बंद कर दिया और इससे कंप्यूटर भी बंद हो गए। ऐसे में ज्यादातर पाठ्यक्रमों की कक्षाओं का संचालन ठप रहा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें