इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों की स्थगित परीक्षाएं 30 अप्रैल से आयोजित की जाएंगी। हालांकि परीक्षाओं का क्रम पूर्व की भांति रहेगा। सिर्फ नई तिथियां निर्धारित की जाएंगी। इविवि प्रशासन जल्द ही टाइम टेबल जारी कर देगा। परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में होंगी और सभी अभ्यर्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की पीडीएफ अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में सत्र 2020-21 की विषम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाएं और सत्र 2019-20 की स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की बैक पेपर की परीक्षाएं तीन अप्रैल से शुरू हुईं थीं। परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जा रही हैं। सभी परीक्षार्थियों के लिए अपनी उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ पोर्टल पर अपलोड करने की अनिवार्यता है, लेकिन तमाम अभ्यर्थी ऐसा नहीं कर सके। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जेके इंस्टीट्यूट में एक सेंटर खोल दिया गया, जहां अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की पीडीएफ को अपलोड किया जाने लगा।