इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में परास्नातक (पीजी) में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 10 से 13 जून तक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही इविवि के प्रवेश प्रकोष्ठ ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई तक बढ़ा दी है।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में 55 विषयों में पीजी की 7231 सीटों पर दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन व आवेदन की प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू हुई थी और आवेदन की अंतिम तिथि 16 मई निर्धारित की गई थी। इविवि के प्रवेश निदेशक प्रो. जेके पति ने बताया कि छात्र हित को देखते हुए रजिस्ट्रेशन, आवेदन व फीस जमा करने की अंतिम तिथि 20 मई तक विस्तारित की गई है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन व आवेदन तिथि में कोई विस्तार नहीं किया जाएगा।
जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण कर चुके होंगे और उन्होंने फीस जमा कर ली जाएगी, वे अपने रजिस्ट्रेशन व आवेदन में 22 एवं 23 मई को संशोधन कर सकेंगे। इन दो दिनों के लिए करेक्शन विंडो खोली जाएगी। इस दौरान अभ्यर्थी अपने ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, दिव्यांगता के प्रकार, विषय में संशोधन कर सकेंगे।प्रो. जेके पति के अनुसार एमए, एमएससी, एमकॉम, बीएड, एमएड, एमबीए एवं पीजी के अन्य पाठ्यक्रमों और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों एलएलबी, एलएलएम एवं इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के तहत संचालित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 10, 11, 12 एवं 13 जून को आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
यूपी समेत छह राज्यों में होगी प्रवेश परीक्षा
पीजी प्रवेश परीक्षा यूपी समेत छह राज्यों में आयोजित की जाएगी। दिल्ली और यूपी के प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी एवं बरेली में ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में परीक्षा होगी। वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता, बिहार की राजधानी पटना और केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में केवल ऑनलाइन मोड में परीक्षा कराई जाएगी।
पीजी प्रवेश में लागू नहीं होगा सीयूईटी स्कोर
इस बार कई विश्वविद्यालयों में सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी)-2025 के माध्यम से पीजी प्रवेश होने हैं जबकि इविवि में पीजी में दाखिले के लिए अलग से प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रवेश निदेशक प्रो. जेके पति ने स्पष्ट किया है कि इविवि में पीजी एवं अन्य प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में सीयूईटी (पीजी)-2025 स्कोर लागू नहीं होगा।
पीजी प्रवेश के लिए अब तक 26 हजार से अधिक आवेदन
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीजी प्रवेश के लिए शुक्रवार शाम चार बजे तक 52274 अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन कर चुके थे और इनमें से 26444 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। रजिस्ट्रेशन व आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने के बाद आवेदन की संख्या 30 से 35 ह जार तक पहुंच सकती है। पिछली बार 58920 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया था और इनमें से 35673 अभ्यर्थियों ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी की थी।
विस्तृत जानकारी के लिए देखें वेबसाइट
अभ्यर्थी इविवि की वेबसाइट www.allduniv.ac.in पर उपलब्ध लिंक PGAT-2025 या वेबसाइट http://aupravesh2025.cbtexam.in/ पर जाकर पीजी प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।