इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में नवंबर से नए सत्र की शुरुआत होनी थी, लेकिन स्नातक एवं पीजी में प्रवेश की प्रक्रिया धीमी होने के कारण नए सत्र की पढ़ाई समय से शुरू नहीं हो सकी। स्नातक के नए सत्र की पढ़ाई इसी माह से, जबकि पीजी के नए सत्र की पढ़ाई नए साल से शुरू होने के आसार हैं। ऐसे में इविवि के शिक्षकों के लिए सत्र 2020-21 का कोर्स समय से पूरा करा पाना बड़ी चुनौती होगी।
हालांकि इस चुनौती से निपटने के लिए कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने ज्वाइन करते ही शिक्षकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि उन्हें ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय आना होगा। लेकिन, नए सत्र की ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन तभी शुरू हो सकेगा, जब स्नातक और पीजी में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होगी।
स्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। प्रवेश ले चुके छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। वहीं, पीजी में दाखिले अभी शुरू नहीं हुए हैं। हालांकि कुछ विभागों की ओर से दाखिले के लिए कटऑफ जारी किए जा चुके हैं। पीजी में प्रवेश की प्रक्रिया इस माह के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है।
स्नातक और परास्नातक में दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू होगा। ऐसे में पीजी में नए सत्र की ऑनलाइन पढ़ाई नए साल की शुरुआत से प्रारंभ की उम्मीद है। सत्र दो माह पिछड़ रहा है, जबकि कोर्स समय से पूरा करना होगा। ऐसे में कोर्स को लेकर शिक्षकों के लिए चुनौती बढ़ गई है।
इविवि के पीआरओ डॉ. शैलेंद्र मिश्र का कहना है कि स्नातक की कक्षाएं अगले सप्ताह से शुरू हो सकती हैं। प्रवेश ले रहे छात्र-छात्राओं से उनके ईमेल आईडी एवं फोन नंबर लिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें ऑनलाइन कक्षाओं से जोड़ा जा सकता। वहीं, स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा का परिणाम कुछ देर से आने के कारण पीजी में प्रवेश अभी शुरू नहीं हो सका है। सभी विभागों को 15 दिनों के भीतर पीजी प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है। इसके बाद नए सत्र की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।