prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में 23 नवंबर से प्रस्तावित सम सेमेस्टर की ऑफलाइन परीक्षाओं के विरोध में हंगामा होने के बाद इविवि प्रशासन ने प्रस्तावित परीक्षाएं निरस्त कर दी हैं और सम सेमेस्टर के सभी छात्र-छात्राओं को अगले सेमेस्टर में प्रोन्नत करने का निर्णय लिया है। इस मसले पर बृहस्पतिवार को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा।
इविवि प्रशासन ने बुधवार को परास्नातक, प्रोफेशनल एवं विधि के पाठ्यक्रमों के दूसरे, चौथे, छठवें एवं आठवें सेमेस्टर की ऑफलाइन परीक्षाएं 23 नवंबर से कराने का निर्णय लिया था। इसके लिए परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार सिंह ने सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों, समन्वयकों एवं निदेशकों सहित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र भी भेज दिया था और एक नवंबर तक प्रस्तावित समयसारिणी भी मांगी थी। हालांकि, इस निर्णय की जानकारी मिलते ही छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया। लगातार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया। वहां दिनभर हंगामे का माहौल रहा।
छात्रों का कहना था कि जब ऑनलाइन मोड में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है तो परीक्षाएं भी ऑनलाइन मोड में ही आयोजित की जाएं। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर हंगामे की सूचना मिलने पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार और डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। काफी मशक्कत के बाद भी बात नहीं बनी तो इविवि प्रशासन को 24 घंटे में ही अपना निर्णय पलटना पड़ा। तय हुआ कि सम सेमेस्टर के छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगले सेमेस्टर में प्रोन्नत किया जाएगा। यह निर्णय होने के बाद छात्र शांत हुए और हंगामा खत्म हुआ।
मार्च में ऑफलाइन मोड में होंगी वार्षिक परीक्षाएं
इविवि प्रशासन ने तय किया है कि विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन मार्च 2022 में किया जाएगा। कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी।