प्रयागराज। इविवि में बुधवार को कुछ कर्मचारियों को खांसी-बुखार की शिकायत मिलने के बाद लेखा एवं प्रशासनिक अनुभाग को बंद कर दिया गया। राजनीति शास्त्र विभाग में भी एक कर्मचारी में कोरोना के लक्षण मिले हैं।
रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल के अनुसार लेखा विभाग और प्रशासनिक भवन के चार कर्मचारियों को खांसी-बुखार की शिकायत मिली। ऐसे में सारे कामकाज ठप करा दिए गए। इसके बाद भवन को सैनिटाइज कराया गया। साथ ही हिंदी और राजनीतिशास्त्र विभाग के अलावा विधि विभाग को सैनिटाइज कराया गया।
ऑनलाइन परीक्षा में कॉपी अपलोड करने की समस्या कायम
प्रयागराज। इविवि की स्नातक अंतिम वर्ष की ऑनलाइन परीक्षा के तीसरे दिन भी उत्तर पुस्तिका अपलोड करने की समस्या बनी रही। यह समस्या अंतिम समय में एक साथ उत्तर पुस्तिका अपलोड करने के कारण हुई। ऐसे में परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के दो घंटे बाद उत्तर पुस्तिका अपलोड करने को कहा गया है।
इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर रामेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को दो पालियों में ऑनलाइन मोड में परीक्षा हुई। बुधवार को शिक्षाशास्त्र, गणित, वनस्पति विज्ञान, वाणिज्य, गृह विज्ञान, एलएलबी और बीएएलएलबी की परीक्षा हुई। इसमें तकरीबन एक हजार परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि प्रश्नपत्र अपलोड करते वक्त समस्या नहीं हुई। उत्तर पुस्तिका अपलोड करते वक्त वही पुरानी समस्या बनी रही। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील किया कि प्रश्नपत्र अपलोड करने के बाद दो घंटे में सभी सवालों का जवाब परीक्षार्थी दे दें। इसके बाद बचे हुए दो घंटे की अवधि में वह उत्तर पुस्तिका स्कैन करके अपलोड करना शुरू कर दें। ऐसा करने से परीक्षार्थियों को परेशानी नहीं होगी।