पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने महिला आयोग को फिर भेजा पत्र
अधीक्षिकाओं पर लगाया छात्राओं को धमकाने का आरोप
प्रयागराज। गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा के मुद्दे पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू की बर्खास्तगी की मांग को लेकर महिला हॉस्टल के गेट पर छात्राओं का धरना लगातार 12वें दिन, मंगलवार को भी जारी रहा। वहीं, समिति की पहल पर गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी गई। वहीं, अनशन का नेतृत्व कर रहीं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि अव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने पर इविवि प्रशासन की ओर से हॉस्टल में छात्राओं को धमकाया जा रहा है।
महिला छात्रावास में मंगलवार को कराटे कोच मानवी राणा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया। छात्राओं ने कहा कि इस तरह के शिविर के आयोजन नियमित रूप से किए जाने चाहिए ताकि छात्राएं आत्मरक्षा को लेकर जागरूक हो सकें। यह भी तय हुआ कि बुधवार को अनशन स्थल पर महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता को आमंत्रित किया जाएगा, जो महिला हाइजीन पर चर्चा करेंगी। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह की ओर से राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को एक पत्र भी प्रेषित किया गया।
ऋचा का आरोप है कि जब से महिला आयोग की टीम हॉस्टल का निरीक्षण करके लौटी है, तब से छात्राओं को धमकाया जा रहा है। छात्राओं को अनशन में शामिल होने से रोका जा रहा है और अव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने पर कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। यह आरोप भी लगाया है कि महिला हॉस्टलों की अधीक्षिकाएं छात्राओं से दुर्व्यवहार कर रही हैं। क्रमिक अनशन में अजय पांडेय, अखिलेश यादव, अजय सम्राट, आकांक्षा, ज्योत्सना, तनु अजय सम्राट, सत्यम कुशवाहा, दीपक, शशांक द्विवेदी, राहुल रस्की आदि उपस्थित रहे।