सीएमपी के चार छात्रों को भी पकड़ा गया, कार्रवाई के लिए प्राचार्य को भेजा पत्र
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के विज्ञान संकाय परिसर में शोरगुल करने और अमर्यादित आचरण के आरोप में विश्वविद्यालय प्रशासन ने 12 छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही परिसर से सीएमपी डिग्री कॉलेज के चार छात्रों को भी पकड़ा गया, जिन पर कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कॉलेज प्राचार्य को पत्र भेजा गया है।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने शुक्रवार को विज्ञान संकाय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान समूह में 12 छात्र शोरगुल कर रहे थे और उनका आचरण भी अमर्यादित पाया गया। चीफ प्रॉक्टर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 26 नवंबर को शाम चार से पांच बजे के बीच कुलानुशासक कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया।
जिन्हें नोटिस दिया गया, उनमें एमएससी गणित अंतिम वर्ष के छात्र शिवम पाल, विकास सिंह, बीएससी प्रथम वर्ष के दीपक यादव, द्वितीय वर्ष के शैलेंद्र यादव, एमए हिंदी अंतिम वर्ष के छात्र सत्य कुमार पांडेय, बीए प्रथम वर्ष के जियांघन टुडु, अखंड प्रताप सिंह, अमन कुमार, बीएससी प्रथम वर्ष के वैभव सिंह, श्रेयस रत्न सिंह, हर्षित मिश्र एवं भूपेंद्र कुमार गंगावार शामिल हैं। वहीं, सीएमपी के जिन छात्रों को पकड़ा गया, उनमें मोहम्मद यूसुफ, शुभम कुमार, शुभम सरोज एवं वैभव यादव शामिल है। इन छात्रों को भी परिसर में अनधिकृत रूप से घूमते और शोरगुल करते पाया गया।