सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कला प्रदर्शनी
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण निराला आर्ट गैलरी रही, जहां कुलपति ने कला प्रदर्शनी और फूड गैलरी का उद्धाटन किया। यहां छात्रों की बनाई गई कलाकृतियों ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, डॉ. प्रज्ञा शर्मा और हिमांशु बाजपेई ने ‘झांसी की रानी’ की दास्तानगोई पेश कर समां बांध दिया। इस दौरान प्रो. जया कपूर के काव्य संग्रह का विमोचन भी किया गया। एसोसिएशन के सचिव प्रो. कुमार बीरेंद्र ने विवि के विकास में पुराछात्रों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
बरगद लॉन में सजी कवि सम्मेलन की महफिल
शाम को बरगद लॉन में कवि सम्मेलन में पद्मश्री डॉ. अशोक चक्रधर, डॉ. सुनील जोगी और वसीम बरेलवी ने रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. चक्रधर और डॉ. जोगी की हास्य-व्यंग्य कविताओं ने जहां सबको गुदगुदाया, वहीं वसीम बरेलवी की गजलों ने महफिल में चार चांद लगा दिए। इससे पहले डॉ. रवि सूर्यवंशी के निर्देशन में बनी लघु फिल्म के माध्यम से विवि में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया गया। संचालन प्रो. जया कपूर, डॉ. सोनल शेकर और डॉ. ऋतंभरा मालवीय ने किया।