संघटक महाविद्यालयों के लिए इविवि में हुआ ओरिएंटेशन कार्यक्रम
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का हुआ समाधान, नियमों की दी जानकारी
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के संघटक महाविद्यालयों में बीएएलएलबी के छात्र-छात्राओं के लिए शुक्रवार को इविवि के विधि विभाग में मूट कोर्ट प्रतियोगिता के संदर्भ में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सीएमपी डिग्री कॉलेज, एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय और ईश्वर शरण महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भागीदारी की।
सीएमपी में पिछले साल से बीएएलएलबी का पाठ्यक्रम शुरू हुआ है, जबकि ईश्वर शरण और एसएस खन्ना में इसी सत्र से बीएएलएलबी की पढ़ाई शुरू हुई है। मूट कोर्ट प्रतियोगिता कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष प्रो. आरके चौबे ने मूट कोर्ट ओरिएंटशन कार्यक्रम की शुरुआत संदर्भित वक्तव्य से की। इसके बाद बतौर विशेषज्ञ पुरा छात्राओं एवं मूट कोर्ट की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी कर चुकीं एवं विजेता रहीं उत्कर्षिनी सिंह, प्रिया एवं शुचिता मेहरोत्रा ने बारीकियों से कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। साथ ही तैयारी एवं भागीदारी से संबंधित अहम जानकारी भी दी।
प्रिया ने मेमोरियल की तैयारी एवं कैसे वादी और प्रतिवादी की तरह से केस तैयार किया जाए, इस पर अपनी बात रखी। शुचिता ने यह जानकारी साझा की कि मूट कोर्ट में अपने केस को न्यायालय के समक्ष प्रभावी तरीके से कैसे प्रस्तुत किया जाए। उत्कर्षिनी ने बताया कि कोर्ट में कैसा व्यवहार होना चाहिए। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्लेष गौतम ने छात्र-छात्राओं को मूट कोर्ट प्रतियोगिता की उपयोगिता से परिचित कराया। आयोजन समिति के सदस्यों सौमित्र शुक्ला, पीयूष कुमार, केशव, पारितोष, ऋषभ आदि ने छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस मौके पर तुषार श्रीवास्तव, अंकित, शिव प्रताप, विजय लक्ष्मी, प्रीति उत्तम, जागृति, विजय, गुरु प्रसाद सिंह, मृत्युंजय राव, राजेश सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन देवांश मिश्र, वेदिका नाथ एवं आदित्य गुप्ता, स्वागत प्रणव तिवारी एवं शुभांगी और धन्यवाद ज्ञापन तेजस्विता एवं अनवितार्थ ने यिका।