इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) समेत देश के 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों एवं 38 अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया छह अप्रैल से शुरू होने जा रही है।
इविवि में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि आवेदन के दौरान सबसे पहले वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय को चुनें, हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषाओं में कम से कम एक भाषा का चुनाव अवश्य करें और प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने के बाद मेरिट में शामिल अभ्यर्थी इविवि में प्रवेश के लिए अपना नामांकन जरूर कराएं।
इविवि में स्नातक प्रवेश परीक्षा के कोऑर्डिनेटर प्रो. जेके पति के अनुसार यह तीनों प्रक्रिया पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही इविवि में प्रवेश के लिए अर्ह माने जाएंगे। कॉमन यूनिवर्सिटी सेंट्रल एंट्रेंस टेस्ट (सीयूटीई) का परिणाम आने के बाद अभ्यर्थियों को इविवि में प्रवेश के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से अपना नामांकन कराना होगा। प्रवेश परीक्षा के आवेदन में एक भाषा अंग्रेजी या हिंदी का विकल्प भरने वाले अभ्यर्थियों को 140 प्रश्नों और दोनों भाषाओं का विकल्प भरने वाले अभ्यर्थियों को 180 प्रश्नों के उत्तर देने होेंगे।
बीए, बीएससी के लिए चुन सकते हैं अधिकतम छह विषय
बीए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को 26 विषय क्षेत्रों में कम से कम एक और अधिकतम छह विषय क्षेत्रों का चयन करना होगा। बीए, बीएससी, बीकॉम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट ‘www.allduniv.ac.in’ में उल्लिखित विषय क्षेत्र की सूची में से विषयों का चयन करना होगा।
भूगोल के लिए विद्यार्थियों को भूगोल लेना होगा या फिर निम्न विषयों भौतिक विज्ञान, गणित, रसायन विज्ञान एवं रक्षा अध्ययन में से किसी एक विषय का चयन करना होगा। वहीं, बीएससी पाठ्यक्रम के लिए विद्यार्थी भौतिक विज्ञान, गणित, रसायन विज्ञान, भू-विज्ञान, जीव विज्ञान, मानवशास्त्र में से न्यूनतम दो एवं अधिकतम छह विषयों का चयन कर सकते हैं।
बीएससी की प्रवेश परीक्षा से बीकॉम में दाखिला- बीकॉम पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को वाणिज्य विषय लेना होगा या साइंस के विषयों भौतिक विज्ञान, गणित रसायन विज्ञान एवं जीवन विज्ञान में कम से कम दो विषयों का चयन करना होगा। अगर अभ्यर्थी वाणिज्य विषय नहीं लेता है और साइंस के दो विषयों का चयन करता है तो वह बीकॉम में भी दाखिला ले सकेगा।
बीएएलएलबी, बीपीए, बीएफए, बीएससी होमसाइंस में भी होंगे दाखिले
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट के माध्यम से इविवि में बीए, बीएएलएली, बीपीए, बीएफए और बीएससी होमसाइंस में भी दाखिले लिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को बीएएलएलबी के लिए लीगल स्टडीज, बीपीए के लिए म्यूजिक परफॉर्मिंग आर्ट, बीएफए के लिए फाइन आर्ट/विजुअल आर्ट और बीएससी होमसाइंस के लिए होमसाइंस विषय का चयन करना होगा, जिसकी परीक्षा होगी।
सामान्य परीक्षा में भी शामिल होंगे सभी अभ्यर्थी
सभी अभ्यर्थियों को सामान्य परीक्षा में भी शामिल होना पड़ेगा। इसमें सामान्य ज्ञान, अद्यतन घटनाक्रम, मानसिक योग्यता, संख्यात्मक क्षमता एवं मात्रात्मक तर्क से संबंधित प्रश्न होंगे।