मिर्जापुर के एक अस्पताल में चल रहा है उपचार
थाने में तहरीर देने के बाद छात्र सीधे चीफ प्रॉक्टर के कार्यालय पहुंचा था, जहां उसने अपने साथ हुई रैगिंग की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद छात्र दहशत में हॉस्टल नहीं लौटा। छात्र ने पूरी रात माघ मेला क्षेत्र स्थित एक शिविर में बिताई और बुधवार सुबह वह मिर्जापुर स्थित अपने घर लौट गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इविवि के चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार ने बताया कि मंगलवार को छात्र के पिता आए थे। वह छात्र को अपने साथ ले गए। उनके पिता से कहा गया है कि छात्र जब भी हॉस्टल में लौटे तो चीफ प्रॉक्टर को पहले सूचित करे, ताकि हॉस्टल में सुरक्षा के इंतजाम कराए जा सकें।
हॉस्टल में प्रवेश प्रतिबंधित, पर कमरे पर कब्जा
रैगिंग के आरोप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से निष्कासित किए गए गौतम आनंद के खिलाफ दो साल पहले भी रैगिंग के आरोप में कार्रवाई की गई थी। उस वक्त एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में 10 छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया था। साथ ही शताब्दी ब्वॉयज हॉस्टल में उनके प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंध लगाते हुए यह निर्णय भी लिया गया था कि दोषी छात्रों को भविष्य में विश्वविद्यालय का कोई भी हॉस्टल आवंटित नहीं किया जाएगा।
इसके बावजूद गौतम शताब्दी ब्वॉयज हॉस्टल में लगातार रह रहा था और एक बार फिर रैगिंग के मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। सवाल उठ रहे हैं कि अगर हॉस्टल में उसके प्रवेश पर प्रतिबंध था तो वह हॉस्टल में कैसे रह रहा था और हॉस्टल के अधीक्षक ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
हॉस्टलों में खाली पड़े हैं अधीक्षक आवास
इविवि के ज्यादातर हॉस्टलों में बनाए गए अधीक्षक आवास खाली पड़े हैं। आवास आवंटित होने के बावजूद अधीक्षक वहां नहीं रहते हैं। ऐसे में हॉस्टलों की नियमित रूप से निगरानी भी नहीं हो पा रही है। नतीजा कि हॉस्टल में एक बार फिर रैगिंग की घटना हो गई।
रैगिंंग का एक आरोपी भेजा गया जेल, अन्य की तलाश
इविवि में छात्र से रैगिंग के आरोप में गिरफ्तार संस्कार बुधवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां मजिस्ट्रेट की अनुमति से उसे नैनी जेल में दाखिल करा दिया गया। मामले में नामजद चार अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी संस्कार ने बताया कि वह बिहार का रहने वाला है और उसके पिता व्यवसायी हैं। उसका यह कहना था कि रैगिंग की बात गलत है और उसका केवल झगड़ा हुआ था। इसके बाद से उसका अपने साथियों से संपर्क नहीं हो सका।