prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) दो फरवरी से खुल जाएगा। इसके बाद विभागों में परास्नातक (पीजी) प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। एमबीए और एमकॉम में प्रवेश के लिए सोमवार को नए कटऑफ जारी कर दिए गए। एमकॉम में प्रवेश के लिए चार फरवरी और एमबीए में प्रवेश के लिए सात फरवरी को काउंसलिंग होगी।
कोविड के कारण इविवि और इसके संघटक महाविद्यालय 10 जनवरी से लगातार बंद चल रहे हैं। तब से विश्वविद्यालय में पीजी में ऑफलाइन प्रवेश की प्रक्रिया भी ठप पड़ी हुई है। पीजी प्रवेश का शुल्क विभागों में ही जमा होता है और विभाग बंद होने के कारण प्रवेश की प्रक्रिया भी रोक दी गई थी। इविवि प्रशासन ने निर्णय लिया है कि दो फरवरी से विश्वविद्यालय के सभी कार्यालय पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे और शिक्षक भी अपने विभागों में आएंगे, जबकि कक्षाओं का संचालन ऑनलाइन जारी रहेगा।
विश्वविद्यालय खुलने के बाद चार फरवरी को एमकॉम में प्रवेश लिए जाएंगे। इसके लिए अनारक्षित वर्ग में 146 या अधिक अंक, ओबीसी वर्ग में 121 या अधिक अंक, ईडब्ल्यूएस वर्ग में 129 या अधिक अंक, एससी वर्ग में 90 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों, दिव्यांग कोटा में मेडिकल बोर्ड से संस्तुत सभी अभ्यर्थियों और एसटी वर्ग एवं शिक्षक/कर्मचारी कोटा के सभी अभ्यर्थियों को अपराह्न दो बजे आवश्यक अभिलेखों के साथ विभाग में संपर्क करने के लिए कहा गया है।
वहीं, सात फरवरी को एमबीए में प्रवेश के लिए अनारक्षित श्रेणी में 234 या अधिक अंक, ईडब्ल्यूएस वर्ग में 228 या अधिक अंक, ओबीसी वर्ग में 214 या अधिक अंक, एससी वर्ग में 176 या अधिक अंक, एसटी वर्ग में 92 या अधिक अंक, शिक्षक/कर्मचारी कोटा में 199 या अधिक अंक पाने वाले और दिव्यांग कोटा में मेडिकल बोर्ड से संस्तुत सभी अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। अभ्यर्थियों को सुबह दस बजे मोनिरबा के राजशेखर हॉल में आवश्यक दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करने को कहा गया है।