प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में छात्र परिषद का मॉडल लागू किए जाने के निर्णय के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू का पुतला फूंका।
छात्रसंघ भवन के सामने कार्यकर्ताओं ने इविवि प्रशासन के इस निर्णय के विरोध में प्रदर्शन भी किया। पूर्व छात्रसंघ महामंत्री निर्भय द्विवेदी ने कहा कि छात्र परिषद लागू होने के बाद विश्वविद्यालय में अराजकता का माहौल रहेगा और धनबल-बाहुबल से विश्वविद्यालय अशांत हो जाएगा। एबीवीपी इसका विरोध करती है और कुलपति से मांग करती है कि इस फैसले को वापस लिया जाए। इविवि के छात्र नपेता अवनीश मिश्र ने कहा कि छात्र हित के हनन को एबीवीपी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। इसके विरोध में एबीवीपी की ओर से राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता अतेंद्र सिंह, अनुपम त्रिपाठी, शिवम सिंह, दुर्गेश शुक्ला, विवेक तिवारी, अमरेंद्र सिंह, नवीन मिश्र, स्वतंत्र सिंह, अभिषेक शर्मा, विक्रांत सिंह, अमन, प्रणव अस्थाना, पुष्कर मौर्य, हिमांशु गौर, सत्यम शर्मा, राहुल, राकेश, अमन सिंह आदि मौजूद रहे।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आंदोलन को दिया समर्थन
प्रयागराज, 5 जुलाई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर जारी आंदोलन को एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने अपना समर्थन दिया है। छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की और उन्हें इविवि के हालात से अवगत कराया।