इविवि में छात्रसंघ बहाली के लिए आंदोलन 24 वें दिन भी जारी रहा
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर छात्रसंघ भवन पर चल रहे धरने को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्यों ने बुधवार को एडीएम सिटी से मुलाकात की। छात्रों का कहना था कि विवि प्रशासन की ओर से जिला प्रशासन को भ्रामक सूचना दी जा रही है कि छात्रों के आंदोलन से परिसर में पठन-पाठन में बाधा हो रही है। विवि प्रशासन इस संबंध में गलत प्रचार कर रहा है कि आंदोलन से पांच सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारी प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने जिला प्रशासन को बताया कि छात्रसंघ भवन शैक्षणिक परिसर से पूरी तरह अलग है। इस परिसर को पूरी तरह अलग किया गया है। छात्रों की बात सुनने के बाद एडीएम सिटी ने छात्रों की मांग पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में शिवम सिंह, अखिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे। इविवि में छात्रों की ओर से चल रहा आंदोलन 24 वें दिन भी जारी रहा। इविवि पर चल रहे छात्रों के आंदोलन को समर्थन देने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन आ रहे हैं। यह जानकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौबे ने दी।
छात्रसंघ आंदोलन को समर्थन देने भजयुमो काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष शैलेंद्र मौर्य भी पहुंचे। उन्हाेंने छात्रसंघ को खत्म करने को निंदनीय बताया। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष अवनीश यादव, पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा ने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर अपनी नाकामी छिपाने केलिए विवि प्रशासन पुलिस महानिदेशक को मानद उपाधि दे रहा है। समर्थन करने वालों में अखिलेश गुप्ता, अरविंद सरोज, अध्यक्ष उदस प्रकाश, सत्यम सनी, अजित यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे।