विवि प्रशासन और पुलिस ने विरोध करने वालों को हटाया
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ की बहाली के लिए बुधवार को छात्रसंघ उपाध्यक्ष के नेतृत्व में चार छात्रों ने मुंडन करा विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन को विवि के छात्रसंघ के पुराने पदाधिकारियों का समर्थन मिला। छात्रों के विरोध के बीच धरना स्थल पर पुलिस के साथ पहुंचे विवि केप्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे ने छात्रों को धरना समाप्त करने को कहा। प्रॉक्टर की धमकी का असर नहीं होते देख पुलिस ने सभी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया और देर शाम निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
छात्रसंघ भवन पर बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों को पूर्व पदाधिकारियों का समर्थन मिला। इस दौरान छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव समेत चार अन्य छात्रों ने मुंडन करवा कर कुलपति के खिलाफ हुंकार भरी। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अजीत यादव एवं रोहित मिश्रा ने कहा कि कल आंदोलन के दौरान जिस तरह छात्र नेताओं की गिरफ्तारी की गई तथा लोकतांत्रिक एवं शांतिप्रिय तरीके से चल रहे आंदोलन को दबाने का प्रयास है। इस दौरान वर्तमान अध्यक्ष उदय प्रकाश, महामंत्री शिवम सिंह, उपमंत्री सत्यम सनी, पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा, विक्रांत सिंह, छात्रनेता अजीत विधायक,अखिलेश गुप्ता गुड्डू, अजय सिंह सम्राट, सत्यम कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे।
इस संबंध में इविवि के पीआरओ डॉ चित्तरंजन कुमार का कहना है कि छात्रसंघ के कुछ पूर्व पदाधिकारी बेवजह कैंपस में धरना करके कक्षाओं को बाधित कर रहे हैं। जो छात्र नेता कल तक गुंडागर्दी और वसूली के नाम पर दूसरों को धमकी देते थे, आज वे सड़क पर बैठ कर अपना सर मुंडवा रहे हैं। छात्र परिषद पर जो अंतिम निर्णय होना था वह पिछले दिनों हो गया। कैम्पस से निष्काषित छात्र अगर परिसर में दुबारा दिखे तो उनपर कड़ी करवाई की जाएगी
जिला एवं पुलिस प्रशासन से शिकायत
प्रॉक्टर एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजा पत्र
प्रयागराज। इलाहाबाद विवि के शांति पूर्ण माहौल को खराब करने के प्रयास में विवि प्रशासन की ओर से प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे और डीएसडब्ल्यू प्रो. हर्ष कुमार ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर पहले से परिसर में प्रवेश से प्रतिबंधित छात्रों की शिकायत की है। विवि की ओर से भेजी गई शिकायत में पूर्व अध्यक्ष रोहित मिश्र, पूर्व उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, अदील हमजा, अखिलेश यादव शामिल हैं। विवि की ओर से कहा गया है कि इन छात्रों का परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित है। अनुशासनहीनता के आरोप में शिवम सिंह, अखिलेश गुप्ता, अजीत यादव, अतेंद्र सिंह, सत्यम सिंह एवं उदय प्रकाश यादव का नाम शामिल हैं।