प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेक छात्रों का धरना-प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। तेज बारिश के बावजूद छात्र धरना स्थल पर डटे रहे और निर्णय लिया कि बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर ही स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे और वहीं झंडा फहराएंगे।
धरना स्थल पर पहुंचे सीएमपी डिग्री कॉलेज छात्रसंघ के निवर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के नेतृत्व में पहुंचने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की आवाज को दबाने का जो कुत्सित प्रयास कर रहा है, उसे सफल नहीं होने देंगे। छात्रसंघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन चाहते जितनी ज्यादती कर ले, हम इससे डरकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। इस दौरान अखिलेश गुप्ता गुड्डू, अतेंद्र सिंह, राहुल यादव, रुद्र, अजय सम्राट, सत्यम कुशवाहा, जितेश मिश्र, एहसान, दुर्गेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
निवर्तमान उपाध्यक्ष ने दिया नोटिस का जवाब
प्रयागराज, 14 अगस्त। छात्रसंघ की बहाली के आंदोलन कर रहे इविवि छात्रसंघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार यादव को विश्वविद्यालय प्रशासन ने डिग्री वापस लेने का नोटिस दिया था। निवर्तमान उपाध्यक्ष ने चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे को कारण बताओ नोटिस का जवाब दे दिया है। अखिलेश कहा है कि छात्र कल्याण के लिए अवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है और उन्होंने पूरी निष्ठा से अपने अधिक एवं कर्तव्यों का निर्वहन किया। इसलिए नोटिस को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। अखिलेश ने कहा कि वह छात्र हितों के लिए लड़ते रहेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का गैरजिम्मेदाराना कारण बताओ नोटिस उन्हें रोक नहीं सकता। छात्र प्रतिनिधि होने के नाते विश्वविद्यालय में अनियमितताओं एवं तानाशाही के खिलाफ छात्रों की आवाज को बुलंद करना उनकी नैतिक जिम्मेदारी और एक जनप्रतिनिधि का दायित्व भी है।