प्रयागराज। एजी ऑफिस के करीब चौराहे से बाइक सवार बदमाशों ने एक छात्र से उसका मोबाइल लूट लिया। पीड़ित छात्र तहरीर लेकर थाने पहुंचा लेकिन सिविल लाइंस पुलिस उसे टरकाती रही। परेशान होकर छात्र ने एसपी क्राइम से गुहार लगाई, तब जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
लाल गिरिजाघर के पास किराए के मकान में रहने वाला आकाश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। उसने बताया कि 29 जुलाई रात करीब ग्यारह बजे खाना खाने के बाद वह बाहर टहल रहा था। जैसे ही वह एजी ऑफिस चौराहे से थोड़ा पहले पहुंचा पीछे से आए बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। उसके बाद उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। भुक्तभोगी ने तुरंत थाने पहुंचकर सूचना दी लेकिन उसका कहना है पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। घटना के दो सप्ताह बाद मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की गई। बता दें, एजी ऑफिस चौराहे के आसपास पिछले एक माह के भीतर कई लोगों से मोबाइल छीनने की घटना हो चुकी है।