प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इववि)ि के सभी हॉस्टलों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन विवाद के कारण हॉलैंड हॉल हॉस्टल का आवंटन अब तक फंसा हुआ है। बृहस्पतिवार को इस मुद्दे पर छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर ऑफिस पर प्रदर्शन किया, जिसके बाद इविवि प्रशासन ने हॉस्टल का संचालन कर रहे ट्रस्ट को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया है। अगर इस दौरान ट्रस्ट की ओर से हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है तो इविवि प्रशासन अपने स्तर से छात्रों को हॉस्टल आवंटित कर देगा। हालांकि ट्रस्ट की ओर से अश्वासन दिया गया है कि दो दिनों के भी समस्या का समाधान हो जाएगा।
इस बीच बृहस्पतिवार को यह खबर तेजी से फैल गई कि ट्रस्ट प्रशासन की लापरवाही के कारण हॉस्टल के पुराने छात्रों ने कई कमरों ताला तोड़ दिया है और वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को भी वहां से भगा दिया गया है। साथ ही कैंब्रिज कोर्ट का ताला तोड़कर वहां रखा सामान बाहर फेंक दिया गया है। हालांकि इस बारे में जब चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे से बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी भी जानकारी से इनकार दिया। हालांकि चीफ प्रॉक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने भी यही कहा कि हॉस्टल के कुछ कमरों के ताले तोड़े गए हैं।
छात्रों की मांग को देखते हुए चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे, डीएसडब्ल्यू प्रो. हर्ष कुमार ने ट्रस्ट प्रशासन के साथ हॉलैंड हॉल हॉस्टल को लेकर तत्काल एक बैठक की। इसमें ट्रस्ट की ओर से बिशप डॉ. पीटर बलदेव द्वारा अधिकृत अधिकारी डॉ. शीतला प्रसाद भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि इस बारे में बिशप से वार्ता हुई है और दो दिन में इस समस्या का समाधान हो जाएगा। इस पर इविवि प्रशासन की ओर से कहा गया कि इस दौरान समाधान नहीं होता है तो इविवि प्रशासन अपने स्तर से हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा।