फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Allahabad university: कोरोना पॉजिटिव छात्र समेत 80 फीसदी ने दी प्रवेश परीक्षा

Wed, 30 Sep 2020 09:01 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
एलएलबी की प्रवेश परीक्षा देकर निकलते विद्यार्थी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों में एलएलबी में प्रवेश के लिए मंगलवार को हुई परीक्षा में कोरोना पॉजिटिव एक छात्र भी शामिल हुआ। प्रवेश परीक्षा में 79.98 फीसदी छात्र शामिल रहे। परीक्षा दूसरी पाली दोपहर दो से शाम चार बजे तक ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में हुई। ऑनलाइन के मुकाबले ऑफलाइन मोड में हुई परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति बेहतर रही।

विज्ञापन


एलएलबी की प्रवेश परीक्षा देश के 11 शहरों के 56 केंद्रों में आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 14622 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 11696 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस दौरान परीक्षा केंद्र मां शारदा विद्या मंदिर नैनी में कोरोना संक्रमित एक छात्र भी परीक्षा देने आया। छात्र कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट भी अपने साथ लाया था। इविवि की प्रवेश परीक्षा के लिए निर्धारित सभी केंद्रों में एक आइसोलेशन रूम भी बनाया गया है। इस केंद्र में भी आइसोलेशन रूम है। छात्र ने उसी कमरे में बैठकर परीक्षा दी। परीक्षा के बाद पूरे केंद्र को सैनिटाइज किया गया। 

ऑफलाइन मोड की प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 81.81 और ऑनलाइन में 74.59 फीसदी रही। ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 10931 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 8943 अभ्यर्थी उपस्थिति रहे। सर्वाधिक 84.79 फीसदी उपस्थिति प्रयागराज और इसके बाद 80.89 फीसदी उपस्थिति गोरखपुर के परीक्षा केंद्रों में रही। वहीं, ऑनलाइन मोड की प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकृत 3691 में से 2753 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसमें भी सबसे अधिक 80.82 फीसदी उपस्थित प्रयागराज और इसके बाद 81.25 फीसदी उपस्थिति गोरखपुर में रही। 

विज्ञापन
विज्ञापन

prayagraj news - फोटो : prayagraj

आसान रहा पेपर, फटाफट हल कर लिए सवाल

अभ्यर्थियों के मुताबिक एलएलबी प्रवेश परीक्षा का पेपर काफी आसान था और ज्यादातर छात्रों ने समय पूरा होने से पहले सवाल हल कर लिए। हालांकि अभ्यर्र्थियों को रिजनिंग के सवाल कुछ कठिन लगे। पेपर में कुल डेढ़ सो सवाल पूछे गए थे। 50 सवाल हिंदी और अंग्रेजी भाषा के थे, 50 सवाल रिजनिंग, मेंटल एलिजबिलिटी एवं सामान्य ज्ञान और 50 लीगल एप्टीट्यूड से पूछे गए थे।

पीजीएटी-1, एलएलएम, एमकॉम की प्रवेश परीक्षा आज

इविवि एवं संघटक कॉलेजों में प्रवेश के लिए बुधवार को पहली पाली सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक  पीजीएट-1 (एमए एवं एमएससी) और दोपहर दो से शाम चार बजे की पाली में एलएलएम एवं एमकॉम की परीक्षा होगी। ये सभी परीक्षाएं ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में होंगी। पीजीएटी-1 की प्रवेश परीक्षा के लिए 15983, एमकॉम के लिए 1695 और एलएलएम की प्रवेश परीक्षा के लिए 3693 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रवेश परीक्ष देश के 11 शहरों में होगी।

मुक्त विवि में बीएड काउंसलिंग 12 अक्तूबर से

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की बीए एवं बीएड विशिष्ट शिक्षा सत्र 2020-21 की प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 12 अक्तूबर से शुरू होगी। प्रवेश परीक्षा के संयोजक प्रो. पीपी दुबे के अनुसार काउंसलिंग 14 अक्तूबर तक संचालित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की कटऑफ मेरिट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। काउंसलिंग विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर के शैक्षणिक भवन के द्वितीय तल पर स्थित कक्ष संख्या-22 में होगी। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि काउंसलिंग का विस्तृत विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग की सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से प्रेषित की जा रही है।

राज्य विवि की पीजी परीक्षा आज से, समय संशोधित

प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की परास्नातक (पीजी) अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा एक अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय संशोधित किया गया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 और दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। जबकि इससे पहले, पहली पाली की परीक्षा सुबह आठ से 11 और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर एक से चार बजे तक प्रस्तावित थी। परीक्षा के लिए कुल 24979 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 12111 छात्र एवं 12868 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा के लिए प्रयागराज में 34, कौशांबी में तीन, फतेहपुर में आठ और प्रतापगढ़ में 15 केंद्र बनाए गए हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें