नई शिक्षा नीति के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू
नई शिक्षा नीति के तहत बदले गए पाठ्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विश्वविद्यालय में शिक्षकों का प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्हें नई समय सारणी, मूल्यांकन प्रणाली के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही बताया जा रहा है कि वे छात्रों का मार्गदर्शन कैसे करें। स्नातक का चार वर्षीय ऑनर्स पाठ्यक्रम का संचालन सहजता से किया जा सके और पाठ्यक्रम चयन में विविधा के कारण समय सारिणी का निर्धारण कैसे किया जाएगा, इस बारे में भी बताया जा रहा है।
ऑनर्स किया तो एक साल में होगा पीजी
इविवि में नई शिक्षा नीति के तहत स्नातक का चार वर्षीय ऑनर्स कार्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को एक साल में पीजी की पढ़ाई पूरी करने का मौका मिलेगा लेकिन स्नातक ऑनर्स की डिग्री के लिए कड़ी स्पर्धा का सामना करना होगा। चौथे वर्ष में ऑनर्स की डिग्री के लिए निर्धारित मानदंड पूरा करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रवेश मिलेगा। स्नातक ऑनर्स के लिए चयनित न होने पर छात्र को दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना होगा।
केपी ट्रेनिंग कॉलेज में 29 व 30 जुलाई को दाखिला
केपी ट्रेनिंग कॉलेज की प्राचार्य प्रो. अंजना श्रीवास्तव के अनुसार, बीएड प्रवेश परीक्षा सत्र 2025-2026 के वे अभ्यर्थी जिन्होंने 21 से 23 जुलाई के मध्य महाविद्यालय में काउंसलिंग कराई है, वे महाविद्यालय के सूचना बोर्ड एवं वेबसाइट
www.kptc.ac.in पर उपलब्ध प्रवेश सूची के अनुसार 29 तथा 30 जुलाई को प्रवेश ले सकते हैं। उन्हें महाविद्यालय में अपने समस्त वांछित शैक्षिक अभिलेखों की मूल एवं छाया प्रति के साथ पूर्वाह्न 11 से अपराह्न दो बजे के बीच संपर्क करना है।