सेंट जोसफ कॉलेज में रविवार को गौरैया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक जी नारायण मूर्ति ने गौरैया के संरक्षण के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी बताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन होने, पेड़ पौधों की संख्या कम होने से गौरैया गुम होती जा रही है। इससे कीट-पतंग बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने गौरैया गुम होने का एक कारण यह बताया कि नेटवर्क के लिए लगाए गए टॉवर्स से निकलने वाले रेडिएशन से इनके प्रजनन की क्षमता पर बुरा प्रभाव पड़ा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए अभियान के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि नई पीढ़ी को खासकर जागरूक होने की जरूरत है। कार्यक्रम में बिशप रॉफी मांजली और फादर रॉल्फी ने भी बच्चों को गौरैया से प्रेम का पाठ पढ़ाया। इस मौके पर वन संरक्षक वी प्रभाकर, जिला वनधिकारी मनोज कुमार खरे, क्षेत्रीय वन अधिकारी केएस यादव आदि ने अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संचालन रुचि ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में बच्चों ने गौरैया बचाने का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों को घाेंसले भी बांटे गए।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की की ओर से 17 फरवरी से शुरू हुए गौरैया बचाओ अभियान का रविवार को सुभाष चौराहे पर समापन हो गया। गौरैया बचाने के लिए शुरू किए गए हस्ताक्षर अभियान में सात हजार लोगों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे मंडलायुक्त राजन शुक्ला गौरैया बचाओ और गौरैया बढ़ाओ का नारा बुलंद किया। नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान भारद्वाज पार्क, इलाहाबाद विश्वविद्यालय यूनियन गेट सहित शहर के कई इलाकों में चलाया गया।
इस मौके पर पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, सीएफ वी प्रभाकर, जिला वनाधिकारी मनोज कुमार खरे, पार्षद अहमद अली, रेखा उपाध्याय, डॉ. मधु वत्स, अनिल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रीमहाप्रभु पब्लिक स्कूल, नारायणी आश्रम की प्रधानाचार्या रबिंदर बिरदी सहित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसी तरह भारतीय जन अधिकार मंच की ओर से दारागंज में जागरूकता अभियान चलाया गया। मंच के संयोजक अतुल तिवारी, अतुल खन्ना, सुनील वर्मा, सत्य प्रकाश तिवारी, आर बी तिवारी, अजित सिंह, अक्षत, आयुष्य वर्मा, राकेश कुमार, डॉ. शाहिद अंसारी, राम प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे। आदर्श शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित कर गौरैया के संरक्षक का संकल्प लिया गया।
जवाहर बाल भवन में गौरैया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए गौरैया के लिए घर बनाया। कई बच्चों ने अपने पोस्टर में गौरैया के गुम होने का मार्मिक चित्रण भी किया। बच्चों को गौरैया के लिए दाना-पानी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान होली उत्सव कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनिल, अभिषेक, अनु, आंचल, रामू, सत्या, नंदनी, श्रेया, आयुष्मान, वर्तिका, सुमित, साक्षी, श्रेयांश आदि ने नृत्य, गीत सहित वाद्य यंत्रों की प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।