साफ-सुथरा शहरों की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के प्रदर्शन को इलाहाबाद और लखनऊ ने बेहतर स्थान बनाया है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत साफ-सफाई के लिए किए गए प्रदर्शन में इलाहाबाद जहां अव्वल रहा वहीं ऑल इंडिया स्वच्छता रैैंकिंग में 22वां स्थान हासिल किया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ की इस सूची में दूसरा स्थान नसीब हुआ, जबकि ऑल इंडिया रैंकिंग में वह 28वें स्थान पर रहा। टॉप टेन मूवर्स में अव्वल चुने जाने पर सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री वेंकैयानायडू ने इलाहाबाद की महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी और नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय को स्मृति चिह्न के रूप में गांधी प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही बेहतर प्रयास के किए प्रोत्साहित भी किया। यही सम्मान देश में पूरी तरह साफ-सुथरे शहर में शुमार मैसूर को भी दिया गया।
चार से 15 जनवरी के बीच हुए स्वच्छता सर्वे का परिणाम सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय शहरी मंत्रालय ने जारी किया। इस सर्वेक्षण में यूपी के सात शहर इलाहाबाद, लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, गाजियाबाद एवं मेरठ भी शामिल थे। मंत्रालय ने शहरों को चार ग्रुप में बांटा है। पहली सूची लीडर्स की है, जिसमें यूपी का कोई शहर नहीं है। दूसरी सूची इंस्पायरिंग लीडर्स की है। इसमें देश के कुल 20 शहर हैं, इलाहाबाद और लखनऊ इसी ग्रुप में हैं।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, शौचालयों की स्थिति समेत अन्य मानक तय किए गए थे, जिसमें चयनित शहरों को खरा उतरना था। इलाहाबाद नगर निगम ने साफ-सफाई के काम मे सुधार के लिए काफी प्रयास किया।
नतीजा हुआ कि वर्ष 2014 के मुकाबले वर्तमान में सफाई व्यवस्था काफी हद तक सुधरी। इसके सर्वे के लिए आई केंद्र सरकार की टीम तथा स्मार्ट सिटी डेलीगेशन ने भी सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए हुए प्रदर्शन की तारीफ की थी। इस प्रदर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री वेंकैयानायडू द्वारा किए गए सम्मान से गदगद नगर आयुक्त ने शहर में सफाई व्यवस्था और बेहतर करने का भरोसा दिलाया है, ताकि अगले चरण की स्वच्छता रैंगिंग में मैसूर, चड़ीगढ़, त्रिचारापल्ली, दिल्ली, सूरत, राजकोट, गंगटोक, पिपरी चिचवड़ की भांति इलाहाबाद भी खरा उतरे।
प्रदेश के शहरों में साफ-सफाई का हाल
लीडर्स- कोई नहीं
इंस्पायरिंग लीडर्स- इलाहाबाद, लखनऊ
एक्सीलरेशन रिक्वायर्ड- कानपुर, आगरा
स्लो मूवर्स- वाराणसी, गाजियाबाद, मेरठ
स्वच्छता रैंकिंग: फैक्ट फाइल
शहर ऑलइंडिया रैंक यूपी रैंक
इलाहाबाद 22 1
लखनऊ 28 2
कानपुर 45 3
आगरा 47 4
वाराणसी 65 5
गाजियाबाद 67 6
मेरठ 69 7