उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड पर अनशन पर बैठे टीजीटी-पीजीटी प्रतियोगी मोर्चा के धरने के पांचवें दिन भी प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी अनशनकारियों का हाल लेने नहीं पहुंचा। प्रतियोगी छात्र चयन बोर्ड में अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। अनशन के पांचवें दिन बड़ी संख्या में छात्राएं भी क्रमिक अनशन पर बैठ गईं। अनशन पर बैठने वाली छात्राओं में पूनम यादव, प्रीति त्रिपाठी, सरस्वती दीक्षित, रेखा सिंह, पुष्पा, अंकिता पांडेय, इंदू वर्मा शामिल रहीं। पांचवें दिन भी अनशन पर बैठने वालों में पीएन वर्मा, अभिषेक सिंह शामिल रहे।
अनशन पर बैठे प्रतियोगियों के समर्थन को रविवार को पूर्व मंडलायुक्त बादल चटर्जी भी पहुंचे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करने के साथ पूरा समर्थन देने की बात कही। अनशन स्थल पर समर्थन देने एमएलसी सुरेश कुमार त्रिपाठी, भाजपा नेता प्रभाशंकर पांडेय, राणा यशवंत प्रताप सिंह भी पहुंचे। टीजीटी-पीजीटी प्रतियोगी मोर्चा सोमवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे सांसद धर्मेंद्र यादव का घेराव करेंगे। टीजीटी-पीजीटी प्रतियोगी मोर्चा के रिंकू सिंह का कहना है कि अध्यक्ष-सदस्य की नियुक्ति होने तक अनशन जारी रहेगा।