माघ मेला का सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या के मौके पर इलाहाबाद जंक्शन, प्रयाग, इलाहाबाद सिटी, झूंसी, नैनी और छिवकी से निकलने वाली सभी ट्रेनें यात्रियों से ठसाठस गई। रूट चाहे दिल्ली का हो या फिर मुंबई का। हर एक रूट की ट्रेनों में इलाहाबाद से भारी भीड़ गई। कमोवेश यही स्थिति रोडवेज की बसों की भी रही। रोडवेज के सिविल लाइंस, लीडर रोड, जीरोरोड बस स्टेशन के साथ झूंसी में बनाये गए अस्थाई बस स्टेशन पर दिन भर यात्रियों का भारी जमघट रहा। भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने अपनी नियमित ट्रेनों के अलावा कुल 19 स्पेशल ट्रेनें आज चलाई, जबकि रोडवेज ने 2100 से ज्यादा बसों का संचालन विभिन्न स्थानों के लिए किया।
मौनी अमावस्या के मौके पर यह पहले ही माना जा रहा था कि इस पर्व पर श्रृद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। ऐसा हुआ भी। रविवार से ही रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन पर श्रृद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। सोमवार की सुबह इलाहाबाद जंक्शन, प्रयाग में पैर रखने तक की भी जगह नहीं बची थी। भीड़ का आलम ये रहा कि जंक्शन पर जो भी ट्रेन आई वह थोड़ी ही देर में यात्रियों से भर गई। ओवर ऑल इलाहाबाद जंक्शन से नियमित ट्रेनों के साथ आज झांसी के लिए दो, मुगलसराय के लिए तीन, कानपुर के लिए तीन एवं चोपन के लिए एक स्पेशल ट्रेन चली।
इसके अलावा प्रयाग रेलवे स्टेशन से फैजाबाद के लिए छह स्पेशल ट्रेनें चलाई गई। साथ ही प्रयाग में गोदान, कामायनी, सारनाथ आदि का ठहराव भी किया गया। कामायनी और सारनाथ का इलाहाबाद से वाराणसी के बीच पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर ठहराव किया गया। इसके अलावा इलाहाबाद सिटी (रामबाग) से वाराणसी रूट पर चार स्पेशल ट्रेनें चलाई गई। वहीं दूसरी ओर रोडवेज की बात करें तो आज 2100 से ज्यादा बसें इलाहाबाद से लखनऊ, फैजाबाद, बस्ती, बहराइच, गोंडा, फैजाबाद, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, बांदा, झांसी, कानपुर आदि रूटों पर चलाई गई। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डा. हरिशचंद्र यादव ने बताया कि सर्वाधिक सवारी आज गोरखपुर रूट की रही।