26 फरवरी से होने वाले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इस बार बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ पर केंद्रित होगा। तीन दिनी महोत्सव में दुनियाभर की 51 फिल्मों को सांस्कृतिक केंद्र में प्रदर्शित किया जाएगा। महोत्सव का उद्घाटन शहर में ही शूट की गई फीचर फिल्म ‘अ डॉटर्स ड्रीम’ के प्रदर्शन के साथ होगा। महोत्सव के गेस्ट ऑफ ऑनर अभिनेता रवि किशन होंगे। महोत्सव की थीम बेटियां होने की वजह से इनके विभिन्न विषयों पर केंद्रित फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा।
जेड एंड जेड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से होेने वाले फिल्म महोत्सव में चार इंटरनेशनल, चार भारतीय फीचर फिल्म, 25 राष्ट्रीय/अंतराष्ट्रीय शार्ट फिल्म, आठ राष्ट्रीय/ अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री, चार अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन और छह फिल्में नॉन कंपटीशन कैटेगरी की हैं। फिल्म महोत्सव के फाउंडर एवं निर्देशन हसन हैदर ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में बताया की महोत्सव में बॉलीवुड के निर्देशक और निर्माता एन चंद्रा, सागर सरहदी, फिल्म लेखक कमलेश पांडेय शामिल होंगे।
इनके साथ कार्यशाला भी होगी। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने के लिए उम्दा कलाकार धर्मेंद्र से बातचीत चल रही है। आर्ट डायरेक्टर राजेश पांडेय ने बताया कि इस बार ईरान, तजाकिस्तान, स्वीडन, इजराइल, कनाडा, जापान, यूएसए, चादना, स्पेन, बांग्लादेश, पाकिस्तान से फिल्मों की इंट्री मिली है। 28 फवरी को फिल्मों को विभिन्न कैटेगरी में पुरस्कृत भी किया जाएगा।