लगातार हो रही बारिश के बीच नगर निगम की ओर से कराई गई नाला सफाई की पोल खुल गई है। नतीजा है कि शहर की ज्यादातर सड़कें नाला और गलियां नालियों में तब्दील हो गई हैं। अल्लापुर, टैगोर टाउन, राजरूपपुर, लूकरगंज सहित कई इलाकों में जलभराव के बाद पानी घरों में घुस गया। दिन में नगर आयुक्त ने क्षेत्र का दौरा किया। साथ गए अफसरों को नालों पर किया गया अतिक्रमण ध्वस्त करने का निर्देश दिया।
रविवार से हो रही बारिश शहरियों के लिए मुसीबत बन गई है। इस मुसीबत का कारण भी नगर निगम है। नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय मई में ही दावा किया था कि शहर में सभी नालों की सफाई करा दी गई है। जून-जुलाई में खास बारिश नहीं सो निगम प्रशासन भी निश्चित हो गया लेकिन अब लगातार बारिश से सड़कों और गलियों की स्थिति बेहद खराब है। जानसेगंज में निरंजन डाटपुल के नीचे जलभराव से दिन में कई बार यातायात बाधित हुई। अल्लापुर में बाघम्बरी रोड, मटियारा रोड, अमिताभ बच्चन रोड, बजरंग चौराहा, पटेल चौराहा आदि इलाकों में जबरदस्त जलभराव के बाद पानी घरों में घुस गया। दूसरी ओर से टैगोर टाउन में एलआईसी कॉलोनी, डॉ.सूर रोड, हाशिमपुर रोड, कर्नलगंज इंटर कॉलेज के आसपास भी यही स्थिति रही। यहां भी सड़क के साथ पानी घरों में घुस गया।
दिन में नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय ने बाघम्बरी रोड, मटियारा रोड, अमिताभ बच्चन रोड, बजरंग चौराहा, पटेल चौराहा का निरीक्षण किया। बाघम्बरी रोड पर नाले पर किया गया कब्जा तत्काल हटाने का निर्देश जोनल अफसर को दिया। उधर, राजरूपपुर में 2012 के बाद से नालों की सफाई न होने से स्थिति गंभीर हो गई है। यहां सरस्वती शिशु मंदिर गली, डॉ.एलपी सिंह वाली गली, गौतम की गली आदि क्षेत्रों में नालियों का पानी घरों में घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। पूर्व पार्षद अखिलेश सिंह का कहना है कि समय से नाले-नालियों की सफाई होती तो यह हालत न होती।