सत्र के आखिर में ही सही, लेकिन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को छात्रावासों में कब्जा मिलने की उम्मीद जगी है। हॉस्टलाें में बुधवार से रेड पड़ेगी। पहले दिन पीसीबी में कार्रवाई होगी, जिन्हें हॉस्टल एलाट हुआ है उन्हें कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद रहने के लिए कहा गया है, जिससे उन्हें मौके पर ही कब्जा दिलाया जा सके।
इस बार हॉस्टल एलाटमेंट की प्रक्रिया काफी देर में पूरी हुई। दिसंबर और जनवरी में हॉस्टल पाने वाले छात्र-छात्राओं की सूची जारी की गई। इसके बाद भी उन्हें अभी तक कब्जा नहीं मिला है।
अवैध लोग ही जमे हुए हैं। इसके मद्देनजर छात्रों की ओर से रेड की मांग लगातार की जा रही है। हालांकि, कितने छात्र-छात्राओं को वास्तविक रूप से कब्जा मिल पाएगा यह तो बाद में पता चलेगा। विगत वर्षों में रेड के कुछ दिन बाद ही अवैध कब्जा हो गया। वैध छात्रों को दबंगों ने भगा दिया। कई तो दूसरों के नाम पर हॉस्टल एलाट कराके कब्जा जमाए हुए हैं। अवैध कब्जेदारों के विरोध की वजह से कई हॉस्टल में रेड ही नहीं पड़ पाई। हालांकि, इस गतिरोध के बीच एक बार फिर रेड डालने की तैयारी है। डीएसडब्ल्यू प्रो. हर्ष कुमार ने बताया कि तीन फरवरी को पीसीबी में रेड पड़ेगी। नए आवंटियों को मौके पर ही कब्जा दिलाया जाएगा। इसलिए रेड के दौरान छात्र मौजूद रहें।