परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में दो फरवरी को हो रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यूपीटीईटी-2015 की तैयारी पूरी कर ली गई है। यूपीटीईटी के आयोजन के संबंध में निदेशक राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में लगभग साढ़े नौ लाख से अधिक परीक्षार्थी लगभग बारह हजार केंद्रों पर परीक्षा देंगे। पहली पाली 10 से 12.30 बजे के बीच उच्च प्राथमिक स्तर (छठवीं से आठवीं कक्षा) और दूसरी पाली 2.30 से शाम पांच बजे तक प्राथमिक स्तर (पहली से पांचवीं कक्षा) के लिए परीक्षा होगी। प्रदेश स्तरीय अधिकारियों को परीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
यूपी टीईटी 2015 की लिखित परीक्षा के लिए जिले में 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 51 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा के लिए 75 केंद्र बनाए गए हैं और दूसरी पाली की परीक्षा इन्हीं में से 18 केंद्रों में होगी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक भी परीक्षा कक्ष में मोबाइल अपने पास नहीं रख सकेंगे। परीक्षा केंद्रों से 200 मीटर की दूरी तक फोटो स्टेट मशीन की दुकानें बंद करा दी जाएं। इलाहाबाद में परीक्षा की जिम्मेदारी अपर शिक्षा निदेशक बेसिक विनय कुमार पांडेय को दी गई है।