आकाशवाणी इलाहाबाद का स्थापना दिवस अबकी इंद्रधनुषी प्रस्तुतियों से समृद्ध होगा। 68वें स्थापना वर्ष में सात दिनी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। शुरुआत एक फरवरी को डॉ.आनंद प्रकाश श्रीवास्तव की ओर से तैयार हिंदी परिसंवाद ‘जो मैंने किया’ के प्रसारण से होगी जिसमें पूर्व प्रसारण कर्मी के अनुभवों से बीते छह दशकों के कालखंड की प्रसारण गतिविधियों को समेटने की कोशिश की जाएगी।
दो फरवरी को आरडी वर्मा की परिकल्पना में लोकभाषा कवि गोष्ठी के तहत इलाहाबाद और आसपास के लोक कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को आनंदित करेंगे। संचालन अशोक बेशरम का रहेगा। तीसरी प्रस्तुति तीन फरवरी को ‘भूली-बिसरी यादों’ के रूप में होगी जिसमें आकाशवाणी इलाहाबाद की पूर्व उद्घोषिका नाट्यकर्मी आशा ब्राउन का साक्षात्कार प्रस्तुत किया जाएगा। चौथी कड़ी में चार फरवरी को अनिल कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में युववाणी अनुभाग के प्रस्तोता इनोवेटिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
इसी क्रम में पांच फरवरी को श्रृंखला की पांचवीं कड़ी में अभिनय श्रीवास्तव के निर्देशन में केंद्र के रूपक एकांश की विशेष प्रस्तुति ‘वो गूंजती आवाजें’ के तहत ख्यातिलब्ध कलाकारों, राजनीतिज्ञों तथा पूर्व प्रसारकों की रिकार्डिंग पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। छह फरवरी को वरिष्ठ कवि यश मालवीय रचित संगीत रूपक से कल्याणी का प्रसारण होगा। लोकेश शुक्ल के निर्देशन में तैयार संगीत रूपक का संगीत संयोजन महेश्वर दयाल करे्ंगे जबकि सहयोग पंकज श्रीवास्तव का है। अंतिम कड़ी में सात फरवरी को आशुतोष सुंदरम की ओर से तैयार विशेष वैरायटी कार्यक्रम में गीत, संगीत और अनुभवों का संगम होगा।
कार्यक्रम प्रमुख और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के स्नातक मंजुल किशोर वर्मा के मुताबिक सप्तरंगी कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां रोजाना प्राइमरी चैनल पर सुबह 11.30 बजे से 12 बजे तक होंगी जबकि ये सभी विशेष कार्यक्रम अगले दिन विविध भारती चैनल पर दिन में 11 बजे से 11.30 बजे तक सुने जा सकेंगे।