फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्मार्ट सिटी की पहली सूची पर इलाहाबाद न होने से भड़का गुस्सा

Sat, 30 Jan 2016 12:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
 केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी की जारी पहली सूची में इलाहाबाद को शामिल न करने पर शुक्रवार को राजनैतिक दलों के साथ आम लोगों का गुस्सा बढ़ गया। समाजवादी पार्टी ने इसके विरोध में जहां पीएम मोदी का पुतला फूंककर अपनी नाराजगी जाहिर की तो वहीं कांग्रेसियों ने मोदी सरकार पर इलाहाबाद के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाने के साथ यहां आने वाले केंद्रीय मंत्रियों के घेराव की चेतावनी दे दी। कालिंदीपुरम जागृति समिति से जुड़े लोगों ने भी इस मामले में निराशा जाहिर की।
विज्ञापन


यूपी के किसी भी शहर को केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई सूची में जगह न मिलने से नाराज समाजवादी लोहिया वाहिनी से जुड़े लोगों ने सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन किया। यहां जिलाध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में पीएम मोदी का पुतला फूंका गया। इस दौरान अखिलेश गुप्ता, रामा दुबे, सुदीश कुमार, गोलू यादव, अवधेश यादव आदि मौजूद रहे। समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवींद्र यादव ने भी छोटा बघाड़ा में बैठक कर इस मुद्दे पर नाराजगी जाहिर करते हुए मोदी सरकार को घेरा। उधर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने बैठक कर कहा कि सिटिजन इन्गेजमेंट के तहत कराई गई वोटिंग में इलाहाबाद पहले स्थान पर था। बावजूद इसके स्मार्ट सिटी की लिस्ट से इलाहाबाद को बाहर कर दिया गया। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों दोषी है। कहा कि इलाहाबाद के दोनों सांसद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें, अन्यथा केंद्र सरकार के मंत्री का इलाहाबाद आगमन पर विरोध होगा।

बैठक में तारिक सईद अज्जू, हरदेव सिंह, निजामुद्दीन, मुनीशा नंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में कालिंदीपुरम जागृति समिति से जुड़े लोगों ने भी सचिव जेपी तिवारी की अध्यक्षता में बैठक कर इलाहाबाद को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल न किये जाने पर निराशा जाहिर की। बैठक में लाल बहादुर, सुधीर मेहरोत्रा, दिनेश पाठक आदि मौजूद रहे। इसी मसले पर पूर्व पार्षद राजेश श्रीवास्तव पीएम मोदी को फैक्स भेजकर आग्रह किया है कि इलाहाबाद को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल किया जाए।
विज्ञापन


 केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई स्मार्ट सिटी की सूची में यूपी के किसी भी शहर के शामिल न होने के सवाल पर फूलपुर के सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अखिलेश सरकार की कार्यशैली की वजह से ही यूपी का कोई शहर स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल नहीं हो सका। उधर भाजपा के जिलाध्यक्ष रामरक्षा द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया गया। बैठक में सुबोध सिंह, राजेंद्र पांडेय, राजेश शुक्ला, श्यामधर मिश्र, सुरेश मिश्र, दिनेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें