गुरुवार को जेल परिसर में विशेष अदालत ने रामजन्म भूमि आतंकी हमले के मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने मुकदमे के साक्ष्य ट्रेलर पर लाद कर पेश किए गए। अदालत ने साक्ष्यों का निरीक्षण किया। मुकदमे की सुनवाई एडीजे एके गुप्ता कर रहे हैं।
एडीजीसी गुलाब चंद्र अग्रहरि ने बताया कि कोर्ट के आदेश से रामजन्म भूमि थाने के इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह और मालखाना प्रभारी सतीश सिंह ने अपने साथ लाए माल मुकदमा दो राकेट लांचर, हमले में प्रयुक्त जीप और आतंकी द्वारा जम्मू एण्ड कश्मीर से असलहा ले आने वाले वाहन टाटा सूमो को एक ट्रेलर पर लादकर पेश किया। सुनवाई कर रहे न्यायाधीश ने पेश किए गए वाहन का बारीकी से मुआयना किया।
वाहन टाटा सूमो के बोनट और असलहा लाने के लिए बनाए गए बाक्स का निरीक्षण कोर्ट ने क्रेन के जरिए वाहन उठा कर किया है। सुनवाई के दौरान जेल में बंद आरोपी आसिफ इकबाल, मो0नसीम, मो0अजीम मो0शकील और डा0इरफान पेश किए गए। मामले की अगली सुनवाई एक फरवरी को होगी। अदालत ने अभियोजन को अन्य माल मुकदमा पेश किए जाने का आदेश दिया है।