इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय परिसर के मैदान में रविवार को क्रिकेट मैच के बाद हूटिंग को लेकर बवाल हो गया। हिंदू हॉस्टल और मुस्लिम बोर्डिंग के छात्र आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और बम चलने लगे। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस पहुंच गई। इस पर बवाल कर रहे छात्र भाग निकले। कर्नलगंज पुलिस ने मामले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों और बवाल में शामिल छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इन दिनों स्व. शोभनाथ सिंह स्मारक अंतर छात्रावासीय क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही है। रविवार दोपहर विज्ञान संकाय परिसर स्थित मैदान पर हिंदू हॉस्टल और मुस्लिम बोर्डिंग हाउस के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला जा रहा था। हिंदू हॉस्टल ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की। जीत के बाद हिंदू हॉस्टल के छात्र जश्न मना रहे थे। इस दौरान हूटिंग भी की जा रही थी। यह बात मुस्लिम बोर्डिंग के छात्रों को नागवार लगी तो उन्होंने विरोध जताया। इस पर दोनों हॉस्टलों के छात्र आमने-सामने आ गए।
कहासुनी के बीच क्रिकेट का मैदान जंग के मैदान में तब्दील हो गया। दोनों ओर से ईंट-पत्थर और बम चलने लगा। परिसर में अफरातफरी मच गई। बवाल बढ़ा तो दोनों हॉस्टल से और छात्र भी आ गए। सूचना पर कर्नलगंज सीओ वीरेंद्र कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर हिंदू हॉस्टल के छात्र भाग निकले, जबकि मुस्लिम बोर्डिंग के छात्र डंडा लेकर गेट के बाहर खड़े मिल गए। सीओ ने उन्हें अंदर जाने को कहा।
सीओ के साथ फोर्स कम देखकर छात्रों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन तब तक इंस्पेक्टर सिद्धार्थ तोमर के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई। यह देखकर छात्र हॉस्टल के अंदर चले गए। कर्नलगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि हूटिंग को लेकर दोनों हॉस्टलों के बीच मारपीट और बमबाजी हुई है। सीओ ने बताया कि दोनों टीमों के खिलाड़ियों और घटना में शामिल छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट हो रही है।
इविवि में अंतर छात्रावासीय क्रिकेट मैच के दौरान हर साल बवाल होता है। पिछले साल भी दो छात्रावासों के बीच मारपीट और गोली चली थी, जिसमें दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट हुई थी। मैच के दौरान एक दबंग छात्रनेता पर मारपीट का आरोप लगा था। इसके बाद महीनों खुन्नस चलती रही और दोनों हॉस्टलों के बीच तनातनी का माहौल रहा।