प्रतियोगियों को पीसीएस-2016 के नोटिफिकेशन के लिए कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है। सीसैट का विवाद तो दूर हो गया है, लेकिन आयोग को पदों का ब्योरा नहीं मिला है। इसमें एसडीएम, नायब तहसीलदार के पद भी शामिल हैं। आयोग की ओर से शासन को इस बाबत पत्र लिखा गया है। ऐसे में इन पदों के लिए इस सप्ताह नोटिफिकेशन की उम्मीद कम है। हालांकि अफसरों का कहना है कि पदों का ब्योरा नहीं आया तब भी पहले पखवारा में नोटिफिकेशन कर दिया जाएगा।
आयोग की ओर से जारी कैंलेंडर के अनुसार एक जनवरी को ही पीसीएस-2016 का नोटिफिकेशन होना था। 20 मार्च को प्रारंभिक परीक्षा भी प्रस्तावित है, लेकिन सीसैट के विवाद की वजह से असमंजस की स्थिति बनी रही। सरकार ने आयोग के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए प्रारंभिक परीक्षा में सीसैट को क्वालीफाइंग पेपर कर दिया। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि जनवरी के पहले सप्ताह में नोटिफिकेशन हो जाएगा, लेकिन दो महत्वपूर्ण पदों का ब्योरा ही नहीं मिला है। इसकी वजह से नोटिफिकेशन में देरी की बात कही जा रही है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) पद की एक और भर्ती के लिए आवेदन मांगा है। अभी 2011 की भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में 24 अन्य पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा गया है। अभ्यर्थी 30 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, फीस जमा करने की आखिरी तारीख 27 जनवरी है। एसीएफ के 24 पद में से 18 सभी वर्ग के लिए हैं। छह पद ओबीसी के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। इन पदों के लिए चुनिंदा विषय से स्नातक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा की तिथि बाद में घोषित होगी।