गुजरे साल की तमाम खट्टी-मीठी यादों को दिलों में संजोकर शहरियों ने शानदार अंदाज में नये साल का स्वागत किया। अंदाजे बयां भले ही अलग-अलग रहा लेकिन नए साल का स्वागत करने में किसी ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आधी रात के पहले से ही शुरू जश्न मनाने का सिलसिला घड़ी की सुइयों के एक होते ही तेज हुआ और शहरियों का जोश दो गुना। पार्टियों की मौजमस्ती की फोटो भी सोशल साइट्स पर अपलोड की गई। शहर के तमाम मोहल्लों में युवाओं की ओर से जमकर आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया गया।
होटलों और रेस्टोरेंट्स में नये साल के स्वागत के लिए खास इंतजाम किये गए थे। आकर्षक सजावट के बीच लोगों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ लिया। कहीं परिवार के सदस्यों तो कहीं दोस्तों के बीच नए साल की खुशियां साझा की गईं। लाइट म्युजिक में मॉकटेल के भी मजे लेने में लोग पीछे नहीं रहे। कॉलोनियों और फ्लैट्स में भी सभी ने साथ मिलकर नये साल का जश्न मनाया। कीडगंज स्थित आवासीय परिसर में पूजा यादव की देखरेख में रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां हुईं।
होटलों और रेस्टोरेंट्स में तो जश्न का माहौल रहा ही, हॉस्टलों और डेलीगेसियों में भी मस्ती का माहौल रहा। कमरे सजाए गए तो खास डिशेज के बीच दोस्तों ने डिनर किया। रात को12 बजे मौज-मस्ती करते हुए नये साल का स्वागत किया गया। हॉस्टलों और डेलीगेसियों में देर रात तक डांस होते रहे।
नये साल की पूर्व संध्या पर पूजा स्थलों में प्रार्थनाएं और धार्मिक अनुष्ठान किये गए। इस्कान मंदिर, ललिता देवी मंदिर, हनुमत निकेतन, राधारमण मंदिर में नए साल की मंगलकामना के लिए अनुष्ठान किए गए। कई मंदिरों में सुंदरकांड पाठ भी हुए। गिरजाघरों में शाम को विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। मीरापुर गुरुद्वारे में खालसा सेवा जत्था की ओर से शबद-कीर्तन के बीच नए वर्ष की खुशियां साझा की गईं। रागी जत्था भाई नरिंदर सिंह और ज्ञानी बाज सिंह हजूरी रागी ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। ूबाद में लोगों ने बिनाभेदभाव लंगर छका।
मय के शौकीनों ने भी खूब मजे से नए वर्ष का स्वागत किया। सुबह से ही शराब की दुकानों पर भीड़ नजर आई जो शाम होने के साथ बढ़ी। आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सामान्य दिनों की अपेक्षा 30 से 40 फीसदी अधिक बिक्री हुई। सिविल लाइंस, चौक सहित शहर केदूसरे इलाकों में स्थित बार और रेस्टोंरेंट में खास इंतजाम किए गए थे। हजारों की संख्या में शौकीन बार, रेस्टोरेंट भी पहुंचे।
ऐसे मनेगा नया साल
- जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज की ओर से मनकामेश्वर मंदिर में जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण सुबह 10 बजे।
- संस्था हेल्पमेट की ओर से विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को खाद्य सामग्री का वितरण दोपहर 12 बजे।
- शंहशाह रेस्टोरेंट के करीब 36 घंटे की अखंड ज्योति का उद्घाटन सुबह 11.30 बजे।
- इलाहाबाद सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से वाणिज्यकर भवन में दोपहर 2.30 बजे।