शहर के जार्जटाउन इलाके में केपी कॉलेज के पास बृहस्पतिवार देर शाम कोचिंग से स्कूटी पर घर लौट रही छात्रा बाइक सवार शोहदे की हरकतों से से इस कदर तंग आ गई कि उसने सड़क पर ही रोककर उस पर हमला कर दिया। छात्रा ने चीखते हुए शोहदे पर थप्पड़ बरसाए तो राहगीरों ने भी उसे घेरकर पीट दिया। कुछ दूर पर मौजूद बाइक सवार दो गश्ती सिपाही आकर युवक को आक्रोशित भीड़ से बचाकर थाने ले गए।
शाम करीब सात बजे का वाकया है। मेडिकल चौराहे की तरफ से जा रही स्कूटी सवार एक युवती केपी कॉलेज के निकट अचानक रुकी और बगल से गुजरे बाइक सवार युवक को पकड़ लिया। इस चक्कर में छात्रा की स्कूटी भी पलट गई। उसने युवक के कॉलर पकड़े और पीछा करता है मेरा कहते हुए उसे कई थप्पड़ जड़ दिए। सरेआम यह नजारा देख वहां से गुजर रहे तमाम लोग रुक गए। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़ लिया। छात्रा ने बताया कि वह सोहबतियाबाग की रहने वाली है। सिविल लाइंस के एक कोचिंग में पढ़ने जाती है।
यह लड़का कई रोज से उसका पीछा कर परेशान कर रहा था। आज भी मेडिकल चौराहे से बाइक पर स्कूटी के आगे-पीछे मंडराने लगा। तब उसने इसे सबक सिखाने का फैसला किया। मापीट के दौरान ही सीएमपी कॉलेज के पास खड़े गश्ती दल के दो सिपाही वहां आ गए। वे शोहदे को अपने साथ जार्जटाउन थाने ले गए। छात्रा ने थाने चलने से इनकार किया तो उसे घर भेज दिया गया। उसने कहा कि वह अपने माता-पिता से पूछेगी फिर लिखित शिकायत के लिए आएगी।