शिवकुटी इलाके में रहने वाले कोयला कारोबारी मनोज केसरवानी को फोन पर धमकी देकर पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई है। शिकायत पर शिवकुटी थाने की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर लिखकर छानबीन शुरू कर दी है।
शिवकुटी में रहने वाले मनोज केसरवानी कोयले के साथ ही कबाड़ का भी व्यापार करते हैं। उन्हें मंगलवार को एक मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने मनोज से कहा कि खूब कमा रहे हो। धंधा करना है तो पांच लाख रुपये का इंतजाम कर लो वरना जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद फोन कट गया। मनोज ने तब समझा कि यह किसी की शरारत है। मगर बुधवार को फिर उसी नंबर से फोनकर धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की डिमांड की गई तो उन्होंने शिवकुटी थाने जाकर शिकायत की। पुलिस ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबर धारक पर रिपोर्ट दर्ज की है।