हाईकोर्ट गेट के सामने से एक युवती के अपहरण के मामले में उसके ही भाइयों समेत परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अपने प्रेमी के साथ भागी लड़की को उसके ही परिवार के लोग हाईकोर्ट के पास से उठा ले गए थे।
बुलंदशहर में महासू थाना क्षेत्र के रहने वाले सुनील कुमार और अलीगढ़ की लड़की के बीच प्रेम संबंध लंबे समय से था। कुछ समय पहले वह अपनी प्रेमिका को भगा ले गया। उसने प्रेमिका से शादी भी कर ली। उसने हाईकोर्ट में इस बाबत याचिका दायर की। सोमवार को वे दोनों यहां हाईकोर्ट आए थे तभी वहां से लड़की को उसके परिजन जबरन अपने साथ ले गए। खींचतान से वहां खलबली मच गई थी।
इस मामले में सुनील ने कैंट थाने में तहरीर दी तो लड़की के भाइयों समेत परिजनों के खिलाफ बलवा, बंधक बनाकर अपहरण और धमकी की धाराओं में मुकदमा लिखा गया। नाबालिग प्रेमी युगलों के भागकर ब्याह रचाने के ऐसे मामलों में पहले भी कोर्ट से कहा जा चुका है कि पुलिस अपने स्तर पर मामले का निपटारा करे लेकिन पुलिस की भूमिका उदासीन और लापरवाही भरा होने की वजह से घर से भागकर शादी करने वाले जोड़ों को कोर्ट का रुख करना पड़ता है।